In Uttar Pradesh, police officers were attacked again an SOG team was assaulted, and a constable s head was injured यूपी में एक बार फिर पुलिस वालों की पिटाई, एसओजी टीम पर हमला, सिपाही का सिर फोड़ा, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

यूपी में एक बार फिर पुलिस वालों की पिटाई, एसओजी टीम पर हमला, सिपाही का सिर फोड़ा

यूपी के बरेली में पुलिस टीम पर हमला किया गया है। पुलिस वालों के साथ मारपीट के साथ ही पिस्टल छीनने की कोशिश हुई। राड से हमला कर एक सिपाही का सिर फोड़ दिया गया है। घटना बिथरी चैनपुर के गांव पदारथपुर के पास गुरुवार रात हुई।

Fri, 23 Jan 2026 08:52 AMYogesh Yadav बरेली, मुख्य संवाददाता
share
यूपी में एक बार फिर पुलिस वालों की पिटाई, एसओजी टीम पर हमला, सिपाही का सिर फोड़ा

यूपी में एक बार फिर पुलिस के इकबाल को चुनौती दी गई है। बरेली में चोरी की बैटरी ले जाने की सूचना पर एसओजी टीम ने वाहन की घेराबंदी की तो मौके पर पहुंचे उसके साथियों ने हमला कर दिया। पुलिस वालों की पिटाई कर पिस्टल भी छीनने की कोशिश की। इस दौरान एसओजी के एक सिपाही के सिर में रॉड से प्रहार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। इसके बाद पहुंची फोर्स ने घेराबंदी कर छह लोगों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में थाना बिथरी चैनपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है।

पिछले दिनों बिथरी चैनपुर में एक साइट पर खड़े पांच डंपर की नौ बैटरियां चोरी हुई थीं। पुलिस की टीमें इस घटना के खुलासे में लगी हुई हैं। इसी बीच गुरुवार रात सूचना मिली कि एक वाहन में चोरी की कुछ बैटरियां ले जाई जा रही हैं। इस पर एसओजी-टू के प्रभारी देवेंद्र सिंह धामा ने टीम के साथ पदारथपुर के उस वाहन की घेराबंदी कर ली। मगर गाड़ी में सवार दोनों व्यक्ति उससे उतरकर भागने लगे। एक व्यक्ति नहर में भागा, जिसे टीम के सिपाही मधुर ने दौड़ाकर पकड़ लिया। सड़क पर वाहन खड़ा होने से वहां जाम लगा तो इसी बीच सड़क से गुजर रहे एक डंपर के चालक ने पुलिसकर्मियों से अभद्रता शुरू कर दी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:मंच पर ही फफक कर रोने लगे डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, अपनी दास्तां सुनाते-सुनाते…

मंदिर पर बैठे दबंगों ने किया हमला

बताया जा रहा है कि डंपर अवैध खनन का था और उसके साथी पास ही एक मंदिर पर बैठे थे। डंपर चालक ने आवाज देकर वहां बैठे साथियों को बुलाया तो उन सभी ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। मारपीट कर पिस्टल छीनने की कोशिश की और सिर में लोहे की रॉड से प्रहार कर मधुर नाम के सिपाही को घायल कर दिया। इस पर एसओजी टीम ने उच्च अधिकारियों को सूचना दी।

दबिश देकर छह हिरासत में लिए

पुलिस पर हमले की सूचना से हड़कंप मच गया। कुछ ही देर में बिथरी चैनपुर और कैंट पुलिस मौके पर पहुंच गई। हमलावरों की जानकारी करने के साथ ही ताबड़तोड़ दबिश देकर छह आरोपियों को रात में ही गिरफ्तार कर लिया गया है। उनसे अन्य साथियों के बारे में पूछताछ की जा रही है। एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है। आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें लगी हुई हैं।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।