प्रयागराज में पिता ने बेटे को बेरहमी से मार डाला; सिर और चेहरा कूंचा, वजह कर देगी हैरान
पुलिस के मुताबिक, पप्पू नशेड़ी है और अक्सर पत्नी रंजना देवी के चरित्र पर शक कर उससे मारपीट करता था। पुलिस के मुताबिक उसे बेटे पर भी शक था। इसी के चलते उसने बेटे की सिर और चेहरा कूंच कर हत्या कर दी और फिर दरवाजे पर ताला जड़कर फरार हो गया था।

प्रयागराज के करेली की चाट वाली गली में शनिवार को भोर में नशे के आदी एक पिता ने अपने ही 19 वर्षीय बड़े बेटे की सिर व चेहरा कूंचकर बेरहमी से हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी कमरे में ताला बंद कर फरार हो गया। हालांकि कुछ देर बाद ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। मूलरूप से नैनी के चाका निवासी गिरीश चंद्र उर्फ पप्पू जायसवाल करेली में किराये के मकान में पत्नी रंजना और तीन बेटों के साथ रहता था। उसका बड़ा बेटा प्रियांशु सब्जी का ठेला लगाता था। पुलिस के मुताबिक, पप्पू नशेड़ी है और अक्सर पत्नी रंजना देवी के चरित्र पर शक कर उससे मारपीट करता था। पुलिस के मुताबिक उसे बेटे पर भी शक था।
शुक्रवार रात भी उसने पत्नी से झगड़ा किया। इसके बाद प्रियांशु अपनी मां को मीरापुर स्थित मायके छोड़ आया। इस बात से पप्पू काफी नाराज था। रात में प्रियांशु नीचे कमरे में सो रहा था, जबकि छोटे भाई 13 वर्षीय आर्यन और 10 वर्षीय अंशू छत पर थे। भोर में पप्पू ने किसी वजनी वस्तु से सोते समय प्रियांशु के सिर व चेहरे पर प्रहार कर उसकी हत्या कर दी। बाहर से ताला लगाकर भाग गया। पप्पू ने जीने पर लगा दरवाजा भी बंद कर दिया था, ताकि छत पर सो रहे बेटे नीचे न आ सकें। सुबह दोनों बेटे जगे तो सीढ़ी का दरवाजा बंद पाकर आंगन में झांका तो दरवाजे के नीचे से खून बहता देखा। शोर मचाने पर पड़ोसी पहुंचे और दोनों को छत से नीचे उतारा।
बाहर आकर बेटों ने मां रंजना को फोन किया। रंजना मायकेवालों के साथ घर पहुंची और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ताला तोड़वाकर घर में घुसी तो कमरे में प्रियांशु का रक्तरंजित शव पड़ा मिला। हत्या की सूचना पर डीसीपी नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने भी मौके पर पहुंचकर मुआयना किया। चर्चा है कि पप्पू ने तराजू के बाट या जूसर से बेटे का सिर और चेहरा कूंचकर उसकी हत्या कि हालांकि पुलिस को मौके पर कोई भी ऐसी सामग्री नहीं मिली है। पारिवारिक कलह और मां-बेटे के बीच अवैध संबंध के शक में पिता ने ही हत्या की वारदात को अंजाम दिया है। मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस घटना ने पारिवारिक रिश्तों को कलंकित कर दिया है। जब एक पिता ने अपने ही बेटे की निर्मम हत्या कर दी। वो भी घरेलू विवाद में पिता को पत्नी और बेटे के चरित्र पर शक था। और इसी के चलते हत्याकांड को अंजाम दे डाला है।




साइन इन