imd alert up weather update return of cold winds UP Weather: 48 से 72 घंटों में फिर बदलेगा मौसम, अंधड़ में बदलेंगी हवाएं; लौटेगा सर्दी का अहसास, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

UP Weather: 48 से 72 घंटों में फिर बदलेगा मौसम, अंधड़ में बदलेंगी हवाएं; लौटेगा सर्दी का अहसास

  • फिलहाल पश्चिमी विक्षोभ कुछ हल्के पड़े हैं। इसका प्रभाव भी सीमित हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार, 48 से 72 घंटों में बदलाव दिखेगा। लगातार आ रहे पश्चिमी विक्षोभों के कारण अभी भी पहाड़ों पर बर्फबारी और हल्की बारिश जारी है। मैदानी क्षेत्रों पर इसका असर सीमित रहा।

Mon, 3 March 2025 09:00 AMAjay Singh लाइव हिन्दुस्तान
share
UP Weather: 48 से 72 घंटों में फिर बदलेगा मौसम, अंधड़ में बदलेंगी हवाएं; लौटेगा सर्दी का अहसास

UP Weather Update: पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी ने मैदानी क्षेत्रों के तापमान को बढ़ा दिया है। तापमान में गिरावट सतही तेज सर्द हवाएं चलने के बाद ही होगी। पांच और छह मार्च को ऐसी हवाएं चलने की संभावना है। फिलहाल पश्चिमी विक्षोभ कुछ हल्के पड़े हैं और इसका प्रभाव भी सीमित हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार, 48 से 72 घंटों में बदलाव दिखेगा। लगातार आ रहे पश्चिमी विक्षोभों के कारण अभी भी पहाड़ों पर बर्फबारी और हल्की बारिश जारी है। मैदानी क्षेत्रों पर इसका असर सीमित रहा। ऐसे में मैदानी इलाकों में तापमान चढ़ने लगा है। दिन और रात दोनों के तापमान सामान्य से काफी अधिक रहे। जहां पश्चिमी हवाओं का जोर रहा वहां तापमान में थोड़ी नरमी रही। मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय का कहना है कि 4 और 5 को 35-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। उत्तर पश्चिम हवाएं सर्द हो सकती हैं। इससे सर्दी का अहसास बढ़ सकता है। दोपहर बाद यह हवाएं अंधड़ में बदल जाएंगी।

कानपुर में रविवार को अधिकतम तापमान 28 से बढ़कर 29.4 डिग्री हो गया। लेकिन रात के तापमान में कमी आई। यह सामान्य से 02.4 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। न्यूनतम पारा 18 डिग्री से गिरकर 15 डिग्री हो गया। यह भी सामान्य से 01.2 डिग्री अधिक रहा। उत्तर पश्चिमी हवाएं तो चलीं लेकिन इसकी गति बेहद सामान्य रही। औसत गति 03.5 किमी प्रति घंटा रही।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:दुल्हन से लेकर 80 साल के बुजुर्ग को भी चाहिए शराब की दुकान, लॉटरी पर टिकी नजर

मौसम विभाग की मानें तो अभी भी पश्चिमी विक्षोभों से राहत नहीं मिलेगी। अरब सागर पर बन रहे चक्रवात का असर भी प्रभावी हो सकता है। पश्चिमी विक्षोभों के कारण दिन के तापमान तो बढ़ सकते हैं लेकिन रात के तापमान में कमी आ सकती है। दिन के तापमान धूप की तेजी पर निर्भर करेंगे। दक्षिण पूर्वी उत्तर प्रदेश में बना विक्षोभ अगले 24 घंटों में असर दिखा सकता है।

एक बार फिर से मौसम करवट बदलेगा, दो दिन चलेंगी तेज हवाएं

ताजनगरी आगरा में अब एक बार फिर से मौसम करवट बदलेगा। दो दिन तेज धूप खिलेगी। उसके बाद दिन में लू जैसा एहसास होगा। 30 डिग्री तापमान में तेज सतही हवाएं चलेंगी। मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। गर्मी में बीते फरवरी के बाद बीते दो दिनों से हल्की राहत रही है। तापमान 31 डिग्री सेल्सियस से गिरकर 27 डिग्री तक पहुंच गया था। आसपास जनपद में हुई ओलावृष्टि से तापमान में गिरावट हुई थी। मौसम विभाग कि मानें तो सोमवार और मंगलवार को सुबह से धूप खिलेगी। दोनों दिनों में दिन का तापमान भी 30 डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुंचने कि संभावना है। बुधवार और गुरुवार को सुबह से तेज सतही हवाएं चलेगी। 31 डिग्री तापमान की ये हवाएं लू का एहसास करा सकती हैं। मौसम विभाग की मानें तो गुरुवार को दिन का तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है, जो सामान्य से.02 डिग्री अधिक रहा है। वहीं, न्यूनतम तापमान भी 16.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है, जो सामान्य से 1.5 डिग्री अधिक रहा है।

बुखार संग शरीर तोड़ रहा मौसम का बदलाव

हाईग्रेड फीवर, लगातार खांसी-जुकाम के साथ शरीर तोड़ दर्द। तापमान के उतार-चढ़ाव के बीच वायरल फिर रफ्तार पकड़ रहा है। खास बात यह कि 50 फीसदी मरीज खानपान और पहनावे में लापरवाही के कारण बीमार पड़ रहे हैं। बीते 15 दिनों में दिन का तापमान 25 से 32 डिग्री के बीच झूलता रहा है। हर दो दिन में बदलाव हुए हैं। ऐसे में वायरल का असर तेज हो गया है। हर उम्र के लोग तेज बुखार के साथ गले में दर्द, जुकाम, नाक बहना या बंद होना और शरीर दर्द से पीड़ित हैं। बच्चों में मामूली जुकाम निमोनयां तक पहुंचा रहा है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:अब जमीन भी कब्‍जाने लगे रोहिंग्‍या? मारपीट के बाद BJP नेत्री ने 50 पर कराया केस

ठंडा पानी पीने की आदत भारी पड़ रही

सुबह और शाम को हल्के कपड़े पहनने, आइसक्रीम, कोल्ड ड्रिंक या दिन में ठंडा पानी पीने की आदत भारी पड़ रही है। सुबह ठंडे पानी से नहाना भी लोगों को बीमार बना रहा है। एसएन मेडिकल कालेज के मेडिसिन विभाग के साथ शहर के फिजीशियनों पर इसी तरह के मामले बढ़ गए हैं। बीते 10 दिनों में करीब 8 फीसदी की बढ़ोत्तरी हुई है। विशेषज्ञों के मुताबिक यह सामान्य एन्फ्लूएंजा है लेकिन इसके साथ दूसरी दिक्कतों से लोग ज्यादा परेशान हैं। एसएनएमसी में मेडिसिन विभाग के प्रोफेसर डा. प्रभात अग्रवाल ने बताया होली तक गर्म कपड़े पहनें, ठंडी चीजों से परहेज करें, विशेषकर फ्रीज में रखी चीजें सीधे नहीं खाएं। उनका तापमान बढ़ने पर ही इस्तेमाल करें। छोटे और स्कूली बच्चों को गर्म कपड़े पहनाकर भेजें।

दिन में उड़ेगी धूल होगी परेशानी

जानकारों का कहना हैं कि सतह से चलने वाली तेज हवाएं परेशानी का सबब होती हैं। शहर में मेट्रो का कार्य चल रहा है। जगह-जगह धूल और मिट्टी है। ये हवा में उड़ती है, जिससे पीएम 2.5 और पीएम 10 की हवा में स्थिति बढ़ जाती है। राहगीरों की आंखों में जलन, खांसी आदि की समस्या बढ़ जाती है।

बादल छंटने पर तापमान में गिरावट

पश्चिमी विक्षोभ के गंगा के मैदानी इलाकों से गुजरने के बाद वाराणसी में सोमवार को आसमान साफ होने पर उत्तर-पछुआ हवा से तापमान में गिरावट आएगी। इससे एक-दो दिन सुबह शाम हल्की ठंड बनी रहेगी।

मौसम विभाग ने बुधवार और गुरुवार को सतह पर तेज हवा चलने की चेतावनी जारी की है। वैज्ञानिक प्रो. एसएन पांडेय ने कहा कि करीब 30 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पछुआ चलने की उम्मीद है। ऐसे में अगर पहाड़ों पर बर्फबारी होती है तो यहां पर भी तापमान में हल्की गिरावट होगी। हालांकि इसके बाद कोई पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय नहीं होने से होली बाद पारा 40 डिग्री के आसपास जा सकता है। इस बार मार्च से मई के बीच न सिर्फ अधिकतम और न्यूनतम तापमान के सामान्य से अधिक रहने के संकेत हैं । गर्मी में भी पश्चिमी विक्षोभों की सक्रियता में कमी रहने का अनुमान है। प्रशांत महासागर में कमजोर ला-नीना से आगामी सीजन के दौरान तटस्थ नीनो परिस्थितियों में संभावित परिवर्तन के आसार हैं।

दिन और रात के तापमान के बीच बढ़ जाएगा अंतर

मुरादबाद में तीन दिन तक बदली और बूंदाबांदी का सिलसिला चलने के बाद रविवार को मौसम ने नई करवट बदली। साफ नीले आसमान और चमकदार धूप के बीच बीस किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चली। हवा की गति तेज होने के चलते राहगीरों को परेशानी हुई। अलबत्ता, इससे दिन के समय पारा काबू में बना रहा।

तीन दिन तक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहा था। इसके निष्क्रिय होते ही मौसम का मिजाज तेजी से बदला। पश्चिम दिशा से तेज हवा चली। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक तेज रफ्तार हवा के असर से अगले चौबीस घंटों में रात के न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी जिससे रात और सुबह के समय में सर्दी का अहसास बढ़ेगा। आज सोमवार और कल मंगलवार को भी हवा की रफ्तार कमोबेश इतनी ही बनी रहेगी, जबकि, बुधवार को हवा की रफ्तार बढ़कर 26 किलोमीटर प्रतिघंटा हो जाने के आसार हैं। रविवार को मुरादाबाद में दिन का अधिकतम तापमान 26 डिग्री और रात का न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रहा। पश्चिमी विक्षोभ के निष्क्रिय होने के बाद पश्चिम दिशा से तेज रफ्तार हवा चलना शुरू हुई। रविवार को मुरादाबाद में दिन का अधिकतम तापमान 26 डिग्री और रात का न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रहा। पश्चिमी विक्षोभ के निष्क्रिय होने के बाद पश्चिम दिशा से तेज रफ्तार हवा चलना शुरू हुई।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result 2026 Live, UP Board 10th Result 2026 Live, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।