आईआईटीयन बाबा ने कई परिवारों को किया बर्बाद, लाखों का पैकेज भी छोड़कर आई युवती
आगरा में युवतियों का यौन शोषण करने के मामले में गिरफ्तार आईआईटीयन बाबा को जेल भेज दिया गया है। पुलिस की जांच में सामने आया है कि कई युवतियों को ब्रेन वॉश करके बाबा ने फंसा रखा था। बाबा के चक्कर में कई परिवार बर्बाद हुए हैं।

UP News: गीता ज्ञान देने के नाम पर युवतियों का यौन शोषण करने के आरोपी आईआईटीयन संन्यासी बाबा को मंगलवार को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। उसके चंगुल में फंसकर कई युवतियां और उनके घर परिवार बर्बाद हो गए। कई उच्च शिक्षित युवतियां तो लाखों का पैकेज छोड़कर उसके पास आई थीं। शातिर बाबा ने उनका ब्रेनवॉश इस तरह किया कि युवतियों के परिजन लेने आये तो वे घरवालों के साथ जाना तो दूर, बात भी नहीं करती थीं। इससे परिजन परेशान हो गये।
गौरतलब है कि आईआईटीयन आरोपी उड़ीसा के अभिषेक मिश्रा ने शेरगढ़िया मोहल्ला, राधाकुंड में पहले किराये पर मकान लिया। इसके बाद अपना घर बनाकर ऑनलाइन आध्यात्मिक साइट के माध्यम से गीता ज्ञान देना शुरू किया। इससे पढ़े-लिखे युवक-युवती उसके सम्पर्क में आए। जानकारी के अनुसार करीब दो दर्जन युवक-युवती राधाकुंड में इसके संपर्क में थे। 25 मई को छत्तीसगढ़ की युवती की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद सोमवार को आरोपी अभिषेक मिश्रा को दुष्कर्म समेत अन्य धाराओं में गिरफ्तार कर जेल भिजवाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
छह माह पहले भी मचा था हंगामा
करीब छह माह पूर्व मध्यप्रदेश की युवती के परिजन आये और वह अपनी बेटी को शातिर के चंगुल से मुक्त कराकर ले गये। इसकी भनक लगते ही कथित आध्यात्मिक गुरु और उनके शिष्य-शिष्याओं ने राधाकुंड चौकी तथा फिर गोवर्धन थाने पहुंच साथी के अपहरण करने की बात करते हुए हंगामा किया। इस पर एसपी देहात सुरेश चंद्र रावत ने मौका मुआयना कर मामले की जानकारी कराई तो पता चला कि उस युवती का अपहरण नहीं हुआ था, उसके अभिभावक अपने साथ ले गए थे। इस दौरान एसपी देहात व तत्कालीन थाना प्रभारी रवि त्यागी ने हंगामा करने वाले युवक-युवतियों को काफी मशक्कत के बाद समझा बुझा कर शांत किया था।
एसपी देहात सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि इसके बाद से ही अन्य परिजनों ने भी अपने बच्चों को यहां से मुक्त कराने की मशक्कत तेज की थी। कई के परिजन तो गोवर्धन राधाकुंड आकर रहने लगे और अपने बच्चे-बच्चियों को काउंसलिंग कर अपने साथ ले जाने की मशक्कत में जुट गये थे। करीब एक दर्जन युवाओं के परिजन उन्हें अभिषेक मिश्रा के यहां से ले जाने में सफल रहे। पुलिस भी अपने स्तर से जानकारी करती रही लेकिन युवक-युवतियों से बात करने पर वह वयस्क होने और अपनी मर्जी से रहने की बात करते थे। इसलिए पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर पा रही थी।
मोबाइल में हैं अश्लील फोटो-वीडियो
आरोपी अभिषेक मिश्रा की गिरफ्तारी के बाद उसके मोबाइल को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। इसमें युवतियों के अश्लील फोटो वीडियो हैं। उसके मोबाइल को पुलिस टीम खंगाल रही है। एसपी देहात ने बताया कि शातिर ने युवतियों के साथ अंतरंग फोटो हैं। पुलिस ने मोबाइल कब्जे में ले लिया है। उसकी जांच कराई जा रही है। इसके आधार पर भी साक्ष्य मिलने और अन्य पीड़ितों की शिकायत बयान देने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
11 लाख पैकेज की नौकरी छोड़ आयी थी युवती
एसपी देहात सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि छत्तीसगढ़ की एक युवती बीटेक करने के बाद मुम्बई में मल्टीनेशनल कंपनी में जॉब करती थी। उसे करीब 11 लाख सालाना यानी करीब 90 हजार रुपये प्रतिमाह सैलरी मिलती थी। अभिषेक के चक्कर में वह अपनी अच्छी जॉब छोड कर राधाकुंड आ गयी। उसकी मां ने बिलखते हुए पुलिस को बताया कि यह उनकी इकलौती संतान थी। इसे अच्छा पढ़ाने के लिये अपना सबकुछ बेच दिया था और इसने मेहनत कर शिक्षा ग्रहण कर नौकरी पायी थी, लेकिन वहां से जॉब छोड कर परिजनों के सपनों को तोड़ दिया।
इन स्थलों के थे युवक-युवती
एसपी देहात ने बताया कि अभी तक की जांच में सामने आया है कि यहां पर छत्तीसगढ़, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, मध्यप्रदेश आदि स्थलों के करीब दो दर्जन युवक-युवती रह रहे थे। वह इसके ऑनलाइन गीता ज्ञान से प्रभावित होकर आये थे।




साइन इन