आईएएस अभय सिंह पर उनकी मां ने लगाए गंभीर आरोप, राजस्व परिषद चेयरमैन से की शिकायत
यूपी में आईएएस अभय सिंह पर उनकी मां ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनकी मां रेखा सिंह ने मकान कब्जा करने और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। उनकी मां ने इस पूरे मामले की शिकायत राजस्व परिषद चेयरमैन से की है।

आईएएस अफसर अभय सिंह एक बार फिर चर्चाओं में हैं। उनकी मां रेखा सिंह ने मकान कब्जा करने और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। उनकी मां ने गंभीर आरोप लगाते हुए इस पूरे मामले की शिकायत राजस्व परिषद चेयरमैन से की है। राजस्व परिषद के चेयरमैन को लिखे पत्र में कहा है कि राजस्थान स्थित चितौड़गढ़ के मकान पर कब्जा कर रखा है।
उन्होंने 1 जनवरी को की गई गाली गलौच पर राजस्व परिषद चेयरमैन को लिखे पत्र में आरोप लगाया है कि उनका बेटा अभय सिंह अपनी पत्नी के साथ चितौडगढ़ स्थित आवास पर पहुंचा। इस दौरान दोनों ने गाली-गलौच, धमकी व मारपीट की। सीसीटीवी भी तोड़ दिया। उन्होंने लिखा कि जान के भय से उन्हें कमरे में बंद होना पड़ा। आरोप लगाया है कि अभय के मानसिक उत्पीड़न के कारण उन्हें अपना घर छोड़ना पड़ा। साथ ही स्टाफ के माध्यम से भी धमकाने का आरोप लगाया है। उन्होंने पत्र में लिखा है कि उनके पास उत्पीड़न और धमकाने के मैसेज, ऑडियो और वीडियो साक्ष्य उपलब्ध हैं।
शिकायत पर नियुक्ति विभाग के लिखा पत्र राजस्व परिषद चेयरमैन ने इस शिकायत पर कार्यवाही के लिए प्रमुख सचिव नियुक्ति को पत्र लिखा है। इस मामले में नियुक्ति विभाग ने आईएएस अफसर अभय से उनका पक्ष मांगा है, जिससे की आगे की कार्यवाही की जा सके। इस पूरे मामले में आईएएस अभय से पक्ष लेने की कोशिश की गई। मगर उनका मोबाइल स्विच ऑफ था।
गौरतलब है कि अभय 2007 बैच के यूपी काडर के आईएएस अफसर हैं। उनका नाम खनन घोटाले में भी आ चुका है। बुलंदशहर का डीएम रहते हुए सीबीआई ने उनके आवास पर छापेमारी की थी। तब सीबीआई को करीब 50 लाख रुपये का कैश उनके आवास से मिला था।इस समय राजस्व परिषद में तैनात हैं।




साइन इन