तुम्हारे लिए मैंने पेपर आउट कर दिए, किस दिन.., एलयू के असिस्टेंट प्रोफेसर की छात्रा से अश्लील डिमांड
लखनऊ विश्वविद्यालयके असिस्टेंट प्रोफेसर की छात्रा से आपत्तिजनक डिमांड कर दी। असिस्टेंट प्रोफेसर और छात्रा के बीच बातचीत का ऑडियो वायरल होने के बाद सनसनी फैल गई। असिस्टेंट प्रोफेसर स्नातक तीसरे वर्ष की एक छात्रा को फोन कर कह रहा है कि तुम्हारे लिए मैंने दोनों पेपर आउट कर लिए हैं।

लखनऊ विश्वविद्यालय के असिस्टेंट प्रोफेसर और छात्रा के बीच बातचीत का ऑडियो वायरल होने के बाद सनसनी फैल गई। असिस्टेंट प्रोफेसर स्नातक तीसरे वर्ष की एक छात्रा को फोन कर कह रहा है कि तुम्हारे लिए मैंने दोनों पेपर आउट कर लिए हैं। आप आ जाओ मैंने तुम्हारे लिए पेपर आउट कर लिए हैं। ऑडियो प्राणिशास्त्र के एक असिस्टेंट प्रोफेसर का बताया जा रहा है। छात्रा ने विभागाध्यक्ष से शिकायत की है। विश्वविद्यालय कुलपति ने इसे गंभीरता से लेते हुए सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। परीक्षा नियंत्रक ने हसनगंज कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। देर शाम छात्रों ने विश्वविद्यालय परिसर में हंगामा किया और शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
लखनऊ विश्वविद्यालय में प्राणिशास्त्र विभाग के एक शिक्षक का छात्रा से बातचीत का ऑडियो वायरल हुआ है। जिसमें शिक्षक की ओर से छात्रा से को फोन किया जाता है। ऑडियो में छात्रा को अपने पास बुलाने और उसके लिए पेपर लीक करने की बात कही जा रही है। इसी ऑडियो में छात्रा कह रही है कि इस आदमी ने तीसरी बार फोन किया है। शिक्षक बार-बार कह रहा है कि कब मिलने आओगी, पेपर आउट कर लिए हैं। हर तरह की मदद का भरोसा भी दे रहा है।
विवि को मिले तीन ऑडियो
एलयू प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। इस संबंध में छात्रा की ओर से विभागाध्यक्ष से लिखित शिकायत की गई है। जिसके बाद परीक्षा नियंत्रक ने हसनगंज थाने में तहरीर दी है। परीक्षा नियंत्रक ने तहरीर ने कहा है कि 14-15 मई की रात में जन्तु विज्ञान विभाग के शिक्षक डॉ. परमजीत सिंह और एक छात्रा के मध्य अशोभनीय वार्तालाप के तीन आडियो प्राप्त हुए हैं, जिसमें शिक्षक ने छात्रा से अनुचित और लाभ प्राप्त करने के लिए प्रलोभन देते हुए विवि की संचालित हो रही परीक्षाओं के दो प्रश्नपत्र आउट करने उल्लेख किया है, जो परीक्षा की गोपनीयता और छात्रा की गरिमा को क्षति पहुंचाने का कृत्य है। साथ ही आपराधिक गतिविधि की श्रेणी में आता है। तहरीर के साथ ऑडियो रिकार्डिंग की पेन ड्राइव पुलिस को सौंपी गई है।
दोषी पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाए
प्रेस विज्ञप्ति लखनऊ विश्वविद्यालय प्रशासन ने आज सुबह वायरल हुए दो ऑडियो के संबंध में स्पष्ट किया है कि विश्वविद्यालय ऐसे मामलों में शून्य सहिष्णुता (Zero Tolerance) की नीति अपनाते हुए त्वरित कार्रवाई करता है। विश्वविद्यालय का मानना है कि संस्थान की गरिमा और शैक्षणिक वातावरण को प्रभावित करने वाले किसी भी आचरण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। माननीय कुलपति प्रो. जे.पी. सैनी ने इस संदर्भ में विश्वविद्यालय की इंटरनल कंप्लेंट कमेटी को आदेश दिया है कि वह 24 घंटे के भीतर इस मामले की जांच कर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करे। यह कदम विश्वविद्यालय की पारदर्शी और उत्तरदायी कार्यप्रणाली को दर्शाता है, जिससे सुनिश्चित हो सके कि आरोपों की निष्पक्ष जांच हो और दोषी पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाए।
त्वरित कार्यवाही करने के लिए तहरीर दी गई
साथ ही, आडियो कथित तौर पर पेपर लीक करने के मामले में संबंधित शिक्षक के खिलाफ परीक्षा नियंत्रक द्वारा एफ.आई.आर. दर्ज कराई गई है। यह कार्रवाई विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है कि परीक्षा प्रक्रिया की पवित्रता और छात्रों के हितों की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।प्रवक्ता प्रोफेसर मुकुल श्रीवास्तव ने बताया कि प्रकरण की गंभीरता को मद्देनजर सुसंगत धाराओं के अन्तर्गत त्वरित कार्यवाही करने के लिए तहरीर दी गई है। प्रकरण एक छात्रा से सम्बन्धित होने के दृष्टिगत विवेचना के दौरान छात्रा की निजता और गोपनीयता भी सुनिश्चित की गई है।




साइन इन