चिल्लाता रहा पति, आंखों के सामने जिंदा जले पत्नी- बेटा; डंपर की टक्कर से कार में आग लगी थी
रामपुर के गंज क्षेत्र में डंपर की टक्कर से कार में आग लग गई। हादसे में महिला कांस्टेबल लता और उनके दो वर्षीय बेटे की जलकर मौत हो गई, जबकि पति बच गए। पुलिस ने अज्ञात डंपर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू की है।

UP News: रामपुर जिले के गंज थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। काशीपुर गांव के पास नैनीताल से लौट रहे एक परिवार की कार को अज्ञात डंपर ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार में आग लग गई, जिसमें फंसी महिला कांस्टेबल और उनके दो वर्षीय बेटे की जलकर मौत हो गई। हादसे में एक अन्य रिश्तेदार झुलस गया, जबकि कार चला रहे पति बाल-बाल बच गए।
नैनीताल घूमकर लौट रहा था परिवार
मिलक कोतवाली क्षेत्र के बेहटरा गांव निवासी दान सिंह यादव किराए पर गाड़ियां चलवाने का काम करते हैं। उनके पिता इंदल सिंह होमगार्ड हैं। दान सिंह की पत्नी लता पुलिस विभाग में आरक्षी थीं और वर्तमान में श्रावस्ती जिले में तैनात थीं। बुधवार सुबह करीब छह बजे दान सिंह अपनी पत्नी लता, दो वर्षीय बेटे लड्डू और ममेरे भाई रवि के साथ स्विफ्ट कार से नैनीताल घूमने गए थे। कार दान सिंह चला रहे थे।परिवार उसी दिन शाम को वापस लौट रहा था।
पति के सामने जिंदा जले मां-बेटे
रात करीब 11 बजे जब उनकी कार गंज थाना क्षेत्र के काशीपुर गांव के पास पहुंची, तभी सामने से आ रहे एक डंपर ने साइड से जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी तेज थी कि कार की पेट्रोल टंकी फट गई और देखते ही देखते वाहन आग की लपटों में घिर गया। कार में आगे की सीट पर बैठे दान सिंह और रवि किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे। हालांकि पीछे की सीट पर बैठी लता और उनका मासूम बेटा अंदर ही फंस गए। दान सिंह और रवि कार से बाहर आ गए। और फिर मदद के लिए चिल्लाने लगे। लेकिन उनकी आंखों के सामने ही पत्नी और बेटा जिंदा जल गए। ग्रामीणों ने आग बुझाने और दोनों को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक बच्चे की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। लता गंभीर रूप से झुलस चुकी थीं।
घटना के बाद फरार हुआ डंबर चालक
उन्हें तत्काल शहजादनगर बाईपास स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया। हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उन्हें बरेली रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। हादसे में झुलसे रवि का रामपुर के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और सड़क पर लंबा जाम लग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने यातायात सुचारू कराया। डंपर चालक दुर्घटना के बाद वाहन छोड़कर फरार हो गया।
परिवार में पसरा मातम
पुलिस ने दान सिंह के भाई उमाशंकर की तहरीर पर अज्ञात डंपर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। परिजनों ने बताया कि दान सिंह की पहली पत्नी की भी चार वर्ष पहले सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। दूसरी बार हुए इस भीषण हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।




साइन इन