husband gave triple talaq over phone from mumbai wife committed suicide using her dupatta as noose मुंबई से फोन पर पति ने दिया था 3 तलाक, दुपट्टे को फंदा बना पत्‍नी ने कर ली खुदकुशी, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

मुंबई से फोन पर पति ने दिया था 3 तलाक, दुपट्टे को फंदा बना पत्‍नी ने कर ली खुदकुशी

दो साल पहले 7 अगस्‍त 2023 को सानिया की शादी मुंबई में रहने वाले सलाउद्दीन से हुई थी। पति और पूरा परिवार मुंबई में रहता है। मायके वालों का आरोप है कि आए दिन दोनों के बीच में विवाद होता था। सानिया पति की प्रताड़ना से परेशान थी। पति ने इसी दौरान फोन पर तलाक दे दिया था।

Wed, 30 April 2025 04:01 PMAjay Singh संवाददाता, गोरखपुर
share
मुंबई से फोन पर पति ने दिया था 3 तलाक, दुपट्टे को फंदा बना पत्‍नी ने कर ली खुदकुशी

गोरखपुर में नगर पंचायत चौरीचौरा के वार्ड संख्या तीन रविदास नगर की रहने वाली सानिया (उम्र 21 वर्ष) पुत्री नसरुद्दीन ने तीन तलाक दिए जाने से आहत होकर खुदकुशी कर ली। आरोप है कि पति ने फोन पर तीन तलाक दिया था। इससे परेशान पत्नी ने पति के खिलाफ कार्रवाई के लिए थाने का चक्कर लगाना शुरू किया। चौरीचौरा और महिला थाने पर चक्कर काटने के बाद सोमवार की रात में 9 बजे घर में दुपट्टे का फंदा लगाकर उसने आत्महत्या कर ली। मौत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की है।

सानिया की शादी दो वर्ष पूर्व 7 अगस्त 2023 को मुंबई में रहने वाले सलाउद्दीन से हुई थी। पति और पूरा परिवार मुंबई में रहता है। मायके वालों का आरोप है कि आए दिन दोनों के बीच में विवाद होता था। सानिया पति की प्रताड़ना से परेशान थी। पति ने इसी दौरान फोन पर तलाक दे दिया था। शुक्रवार को वह मुंबई से अपने घर लौटी थी। पति की ओर से की जा रही प्रताड़ना कि शिकायत सानिया की मां ने पहले मुम्बई पुलिस में की थी। वहां की पुलिस जांच कर रही थी, इस बीच परिवार गोरखपुर आ गया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:एफओबी पर स्‍कूटी दौड़ाने वाला गाड़ी समेत हिरासत में, दरोगा-2 सिपाही सस्‍पेंड

चार बहनों और एक भाई में बड़ी थी सानिया

सानिया चार बहनों व एक भाई में सबसे बड़ी थी। सानिया के पिता मुम्बई में ही काम करके परिवार चलाते थे। सानिया के मामा नासिर के अनुसार, एक बार मुम्बई में ही आरोपी पति ने अपने ससुर को पिटवा कर थाने में केस दर्ज करवा दिया था। बाद में सानिया के कहने पर उसके पिता नसरुद्दीन छूटे थे।

तीन दिन से थाने पर दौड़ रही थी सानिया!

सानिया के मामा नासिर ने बताया कि घर लौटने के बाद सानिया चौरीचौरा थाना पर पति के खिलाफ शिकायत लेकर गई थी। पुलिस ने महिला थाने पर भेज दिया। महिला थाने से फिर उसे चौरीचौरा थाने पर भेज दिया गया। आरोप है कि यदि उसके प्रार्थना पत्र पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की होती तो शायद वह आत्मघाती कदम नहीं उठाती। सानिया की मौत के बाद सीओ चौरीचौरा मंगलवार को उसके घर गए और परिवारीजनों से बातचीत के बाद तहरीर देने को कहा है। सीओ ने भरोसा दिया है कि आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बड़ा शातिर था मैनपुरी मुठभेड़ में मारा गया जीतू ठाकुर, पहले ही छोड़ गई थी पत्‍नी

सानिया के गहने भी रख लिया, कर रहा था उत्पीड़न

मामा नासिर ने बताया कि सानिया की शादी अच्छे से गई थी। बाद में पति ने सानिया का जेवर आदि भी रख लिया था और बार-बार दहेज के लिए उत्पीड़न करता था। फोन पर तलाक का मैसेज और गाली देता रहता थाा। फिर मैसेज डिलीट कर देता था। प्रताड़ना से आजिज सानिया ने अपनी मां आसिया को मुम्बई बुलाया था। वहां की पुलिस की सुस्त कार्रवाई से परेशान होकर सानिया अपनी मां के साथ शुक्रवार को घर आई थी। सोमवार को उसने फिर भद्दी-भद्दी गालियां दी थी, उसकी रिकॉर्डिंग सुरक्षित है।

क्‍या बोली पुलिस

गोरखपुर के एसपी नार्थ जितेन्‍द्र कुमार श्रीवास्‍तव ने बताया कि मुंबई से अपने पति के पास से चौरीचौरा लौटी महिला की खुदकुशी की बात सामने आई है। घरवालों ने इस मामले में दहेज उत्पीड़न की शिकायत की है। तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।