Horrific incident Lucknow Auto driver befriends student on Instagram then gang-rapes her with friends two arrested लखनऊ में हैवानियत: इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर ऑटो चालक ने दोस्तों संग छात्रा से किया गैंगरेप, दो गिरफ्तार, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

लखनऊ में हैवानियत: इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर ऑटो चालक ने दोस्तों संग छात्रा से किया गैंगरेप, दो गिरफ्तार

एक महीने पहले लखनऊ में छात्रा से हुई हैवानियत के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने गैंगरेप के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अन्य की पुलिस तलाश कर रही है।

Sun, 21 Dec 2025 11:18 PMDinesh Rathour लखनऊ (मोहनलालगंज)
share
लखनऊ में हैवानियत: इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर ऑटो चालक ने दोस्तों संग छात्रा से किया गैंगरेप, दो गिरफ्तार

लखनऊ के मोहनलालगंज में ऑटो चालक ने इंस्टाग्राम पर नौंवी की छात्रा से दोस्ती कर ली। शादी का झांसा देकर छात्रा को भगा ले गया। पहले खुद फिर उसके दो दोस्तों ने दुराचार किया। पुलिस ने एक माह बाद छात्रा को बरामद कर सामूहिक दुराचार करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। एक अन्य फरार आरोपी की पुलिस तलाश कर रही है।मोहनलालगंज क्षेत्र निवासी 13 साल की किशोरी नौवीं कक्षा की छात्रा है।

हजरतगंज के 25 तिलकमार्ग पर रहने वाला रोहित उर्फ सोहित वर्तमान समय में मड़ियांव के कृष्ण लोक कॉलोनी, फैजुल्लागंज में रहकर ऑटो चलाता है।वह शादीशुदा है। उसने इंस्टाग्राम पर किशोरी से दोस्ती की। शादी का झांसा दिया। किशोरी 14 नवम्बर को स्कूल से घर जाने के लिए टेम्पो से निकली लेकिन घर नहीं पहुंची। आरोपी युवक ने छात्रा को बहाने से तेलीबाग बुलाया और चिनहट क्षेत्र के एक होटल में ले गया। वहां उसने छात्रा से दुराचार किया। दो-तीन दिन छात्रा को होटल में ही रखा और दुराचार करता रहा। पुलिस पड़ताल कर रही है कि होटल वालों ने छात्रा के नाबालिग होने के बावजूद किराए पर कमरा कैसे दे दिया। अभी यह भी नहीं पता कि एक महीने तक छात्रा कहां-कहां रही।

दोस्तों ने किया दुराचार

मोहनलालगंज कोतवाली इंस्पेक्टर ब्रजेश त्रिपाठी ने बताया कि बाराबंकी जिले के सरवगी घण्टाघर क्षेत्र निवासी मनीष रस्तोगी इस समय चिनहट के अशरफ बिहार कॉलोनी में किराये के मकान पर रहता है। वह और रितिक नाम का एक अन्य युवक, दोनों रोहित के परिचित हैं। वे भी गाड़ी चलाते हैं। इन दोनों ने भी किशोरी के साथ दुराचार किया।

पिता ने दर्ज कराई थी गुमशुदगी

छात्रा के गायब हो जाने पर पिता ने 15 नवम्बर को गुमशुदगी दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस ने तलाश शुरू की। छात्रा के इंस्टाग्राम एकाउंट की जब पुलिस ने पड़ताल की तो पता चला कि लगभग दो सप्ताह पहले रोहित नाम के युवक के साथ छात्रा की दोस्ती हुई है। पुलिस इंस्टाग्राम के सहारे छात्रा तक पहुंच गई और उसे 16 दिसम्बर को बरामद कर लिया। पुलिस ने जब छात्रा से पूछताछ की तो उसके साथ सामूहिक दुराचार की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस ने सामूहिक दुराचार व पॉक्सो एक्ट बढ़ाने के साथ रविवार को मुख्य आरोपी रोहित उर्फ सोहित व मनीष रस्तोगी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। रितिक की तलाश की जा रही है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।