प्रेमिका की शादी की खबर सुन टावर पर चढ़ा युवक; गर्लफ्रेंड को बुलाने पर अड़ा, 3 घंटे चला हाईवोल्टेज ड्रामा
जानकारी के अनुसार कताई मिल निवासी विवेकानंद कुमार पुत्र सियाशरण पासवान मूल रूप से पटना का रहने वाला है। शुक्रवार सुबह वह अपनी प्रेमिका के घर पहुंचा। उसके नहीं मिलने पर उसने परिजनों से संपर्क किया। इसी दौरान उसे प्रेमिका की दूसरी जगह शादी तय होने की जानकारी मिली। जिसके बाद वो मोबाइल टावर पर चढ़ गया।

मेरठ के परतापुर थाना क्षेत्र के गगोल रोड पर शुक्रवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब प्रेमिका की शादी की खबर से आहत एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। करीब तीन घंटे तक चले इस हाइवोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस ने युवक को नीचे उतारा। जानकारी के अनुसार कताई मिल निवासी विवेकानंद कुमार पुत्र सियाशरण पासवान मूल रूप से पटना बिहार का रहने वाला है। वह परतापुर क्षेत्र में अजीत के मकान में किराए पर रहता है और दयाल फैक्ट्री में मजदूरी करता है।
प्रेमिका की शादी की खबर के आहत था युवक
शुक्रवार सुबह वह अपनी प्रेमिका के घर पहुंचा। उसके नहीं मिलने पर उसने परिजनों से संपर्क किया। आरोप है कि युवती के परिजनों ने उसको दोबारा संपर्क न करने की चेतावनी देते हुए भगा दिया। इसी दौरान उसे प्रेमिका की दूसरी जगह शादी तय होने की जानकारी मिली। जिसके बाद विवेकानंद गुस्से में गगोल रोड स्थित यूनियन बैंक के पास लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। उसने प्रेमिका को वापस बुलाने की जिद पकड़ ली।
3 घंटे की मशक्कत के बाद युवक को उतारा
धमकी दी कि अगर वह नहीं आई तो वह जान दे देगा। लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। करीब तीन घंटे तक पुलिस द्वारा समझाने युवक नीचे उतर आया। परतापुर थाना प्रभारी अजय शुक्ला ने बताया कि युवक को सकुशल नीचे उतारकर समझा-बुझाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
युवती ने घर पर जाकर किया हंगामा
वहीं एक दूसरे मामले में लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र में हरिद्वार की रहने वाली एक युवती युवक के घर पहुंची और साथ रखने से इनकार किए जाने पर हंगामा किया। युवती का आरोप है कि दिल्ली में नौकरी के दौरान उसकी मुलाकात मेरठ निवासी युवक से हुई थी। जिसके बाद दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए। आरोप है कि दोनों ने पहले निकाह किया और फिर कोर्ट मैरिज भी की। युवती के मुताबिक, कुछ समय साथ रहने के बाद युवक अचानक उसे छोड़कर चला गया और अब उसे साथ रखने से इनकार कर रहा है।
पुलिस ने शांत कराया मामला
इस मामले में युवती ने पहले गाजियाबाद में भी शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन कोई कार्रवाई न होने पर वह खुद मेरठ पहुंची। जहां युवक के परिवार ने युवती को घर में घुसने नहीं दिया। जिस पर युवती ने हंगामा शुरू कर दिया। शोर-शराबा बढ़ने पर आसपास के लोग एकत्र हो गए। पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया। लिसाड़ी थाना एसआई का कहना है कि दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया है।




साइन इन