Gulshan Yadav property worth 1 crore seized who contested elections against Raja Bhaiya राजा भैया के खिलाफ चुनाव लड़ा था सपा नेता, अब कानून के शिकंजे में फंसा; एक करोड़ की संपत्ति कुर्क, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

राजा भैया के खिलाफ चुनाव लड़ा था सपा नेता, अब कानून के शिकंजे में फंसा; एक करोड़ की संपत्ति कुर्क

प्रतापगढ़ के सपा नेता गुलशन यादव की पत्नी के मालिकाना हक वाले करीब एक करोड़ के मकान को पुलिस प्रशासन ने मुनादी कराकर कुर्क कर दिया। इससे पहले गुलशन यादव के तीन बैंक खातों को भी सीज किया। सपा नेता राजा भैया के खिलाफ चुनाव भी लड़ चुके हैं।

Mon, 5 May 2025 03:15 PMPawan Kumar Sharma संवाददाता, प्रतापगढ़
share
राजा भैया के खिलाफ चुनाव लड़ा था सपा नेता, अब कानून के शिकंजे में फंसा; एक करोड़ की संपत्ति कुर्क

यूपी के प्रतापगढ़ के नगर पंचायत कुंडा के पूर्व चेयरमैन, वर्तमान में सपा के कार्यवाहक जिलाध्यक्ष गुलशन यादव की पत्नी के मालिकाना हक वाले करीब एक करोड़ के मकान को पुलिस प्रशासन ने मुनादी कराकर कुर्क कर दिया। इससे पहले गुलशन यादव के तीन बैंक खातों को भी सीज किया। उससे लेनदेन ठप है। पुलिस अब प्रयागराज और लखनऊ स्थित संपत्तियों को कुर्क करने की तैयारी में है।

मानिकपुर थाना क्षेत्र के मऊदारा गांव निवासी कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह राजाभैया के खिलाफ सपा के टिकट पर चुनाव लड़ने वाले गुलशन यादव पूर्व चेयरमैन हैं। मौजूदा समय में वह समाजवादी पार्टी के कार्यवाहक जिलाध्यक्ष हैं। गुलशन यादव के खिलाफ विभिन्न थानों में गैंगस्टर लगने के कारण जिला मजिस्ट्रेट ने अपराध करके बनाई गई सात करोड़ 15 हजार रुपये की संपत्तियों को कुर्क करने का आदेश दिया है।

मामले के विवेचक संग्रामगढ़ एसओ सत्येन्द्र भदौरिया, कुंडा कोतवाल सत्येन्द्र सिंह रविवार को पुलिस टीम, नायब तहसीलदार अजय कुमार सिंह, राजस्व टीम के साथ कुंडा नगर में हाईवे स्थित मकान पर पहुंचे। राजस्व विभाग ने मकान की कीमत करीब एक करोड़ रुपये माना है। मकान गुलशन की पत्नी सीमा यादव के नाम पंजीकृत भूमि पर 112 वर्ग मीटर में बना है। पुलिस प्रशासन ने उसे कुर्क करते हुए बोर्ड लगा दिया। ढोल बजाकर मुनादी कराते हुए मकान में ताला लगाकर सील कर दिया गया। इसके पहले गुलशन के एसबीआई, एचडीएफसी, बैंक आफ बड़ौदा के खातों को सीज करते हुए उससे लेनदेन पर रोक लगा दी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:टीका और कलावा पहनकर स्कूल आई छात्रा को शिक्षिकाओं ने रोका, BSA ने लिया एक्शन
ये भी पढ़ें:मुसलमान वफादार और संघी हमेशा गद्दार रहे हैं, शिक्षिका का विवादास्पद पोस्ट

शराब की दुकान कुर्क, चुनाव के समय था कार्यालय

कुंडा नगर में पूर्व चेयरमैन गुलशन यादव का जो मकान पुलिस प्रशासन ने कुर्क किया है, वह चुनाव के समय सपा का कार्यालय हुआ करता था। बाद में उसे किराए पर दे दिया तो उसमें शराब की दुकान खुल गई। रविवार दोपहर पुलिस ने राम नरेश यादव के नाम चल रही शराब की दुकान को खाली कराया। आनन-फानन दुकान खाली होने के बाद पुलिस ने उसे भी कुर्क कर लिया।

इस मामले में एएसपी पश्चिमी संजय राय ने बताया कि चिह्नित माफिया गुलशन यादव ने अपराध के जरिए सात करोड़ 15 हजार की संपत्ति बनाई थी। उसे डीएम ने कुर्क करने का आदेश दिया था। उसी क्रम में कुंडा स्थित एक मकान को कुर्क किया गया।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।