Good news for farmers Yogi government started purchasing maize paying 2225 per quintal किसानों के लिए अच्छी खबर, योगी सरकार ने शुरू की मक्का की खरीद; इतने रुपये कुंतल दे रही दाम, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

किसानों के लिए अच्छी खबर, योगी सरकार ने शुरू की मक्का की खरीद; इतने रुपये कुंतल दे रही दाम

किसानों के लिए अच्छी खबर है। योगी सरकार ने किसानों से मक्के की खरीद शुरू कर दी है। सरकार न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर किसानों से रबी फसल में पहली बार सीधे मक्का खरीदेगी। यह खरीद 15 जून से प्रारंभ हो गई है, जो 31 जुलाई तक चलेगी।

Mon, 16 June 2025 05:03 PMDinesh Rathour लाइव हिन्दुस्तान, लखनऊ
share
किसानों के लिए अच्छी खबर, योगी सरकार ने शुरू की मक्का की खरीद; इतने रुपये कुंतल दे रही दाम

यूपी के किसानों के लिए अच्छी खबर है। योगी सरकार ने किसानों से मक्के की खरीद शुरू कर दी है। सरकार न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर किसानों से रबी फसल में पहली बार सीधे मक्का खरीदेगी। यह खरीद 15 जून से प्रारंभ हो गई है, जो 31 जुलाई तक चलेगी। अधिकृत सूत्रों ने सोमवार को बताया कि क्रय केंद्रों पर सुबह 9 से शाम छह बजे तक खऱीद की जाएगी। विपणन वर्ष 2024-25 के अंतर्गत किसानों से मक्का की खरीद 2225 रुपये प्रति कुंतल पर होगी। उन्होने बताया कि पिछले दिनों औरैया पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मक्का किसानों द्वारा की जा रही मक्का की खेती की जानकारी ली थी और उन्हें आश्वस्त किया था कि सरकार नियमित रूप से उनकी उन्नति व खुशहाली का मार्ग प्रशस्त करेगी।

बदायूं, बुलंदशहर, अलीगढ़, एटा, कासगंज, फिरोजाबाद, हाथरस, मैनपुरी, हरदोई, उन्नाव, कानपुर नगर, औरैया, कन्नौज, इटावा, फर्रुखाबाद, बहराइच, बलिया, गोंडा, संभल, रामपुर, अयोध्या व मीरजापुर में क्रय केंद्रो पर मक्का की खरीद की जायेगी। सूत्रों के अनुसार मक्का की बिक्री के लिए किसानों को http://fcs.up.gov.in/या मोबाइल ऐप यूपी किसान मित्र पर पंजीकरण कराना अनिवार्य है। पंजीकृत किसानों से ही मक्का क्रय किया जाएगा। इससे उन्हें एमएसपी का भी लाभ मिलेगा। किसान प्रयोगरत मोबाइल नंबर से ही पंजीकरण कराएं, जिससे प्राप्त ओटीपी भरकर पंजीकरण प्रक्रिया पूरी कर सकें।

हाथरस में मक्का की खरीद के लिए सात क्रय केंद्र तय

वहीं दूसरी ओर हाथरस में जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 (रबी फसल) में न्यूनतम समर्थन मूल्य योजनान्तर्गत जिले में मक्का खरीद प्रक्रिया के सत्त अनुश्रवण एवं पर्यवेक्षण के लिए जिम्मेदारी तय कर दी है। डीएम ने अपर जिलाधिकारी राजस्व को जिला खरीद अधिकारी नामित किया गया है। अपर जिलाधिकारी राजस्व समय-समय पर मक्का खरीद के सम्बन्ध में निर्गत सुसंगत शासनादेशों के अनुसार जनपद में मक्का खरीद कार्य सम्पादित करायेंगे। जिलाधिकारी ने जनपद में न्यूनतम समर्थन मूल्य योजनान्तर्गत मक्का क्रय हेतु क्रय संस्था खाद्य विभाग के सात (07) मक्का क्रय केन्द्र अनुमोदित किये गये हैं। जिले की तहसील हाथरस में दो (02), तहसील सादाबाद दो (02), तहसील सिकन्द्राराऊ में दो (02) तथा तहसील सासनी में एक (01) कुल सात (07) मक्का क्रय केन्द्र संचालित किए जाएंगे।

समस्त मक्का क्रय केन्द्र सम्बन्धित तहसील के मण्डी समिति परिषर में संचालित किये जाएंगे। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि जनपद में खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 में मक्का के बोआई का सम्भावित क्षेत्रफल 4661 है0 तथा प्रति हैक्टेयर सम्भावित उत्पादकता 25.40 कुंतल है। मक्का खरीद 15 जून से 31 जुलाई तक जारी रहेगी। कृषकों को अधिक से अधिक लाभान्वित कराये जाने की मंशा से शासन द्वारा जायद मक्का का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2225-प्रति कुन्तल निर्धारित किया गया है। मक्का विक्रय के लिए कृषकों द्वारा खाद्य विभाग के पोर्टल पर पूर्व से पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा तथा पंजीकृत कृषकों से ही मक्का क्रय किया जायेगा। शिकायत, सुझाव एवं समस्या निराकरण हेतु विभाग का टोल फ्री नम्बर 18001800150 है। मक्का खरीद के लिए अन्य जानकारी के लिये जिला खाद्य विपणन अधिकारी के मोबाइल नंबर 9415248592 पर सम्पर्क किया जा सकता है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result 2026 Live, UP Board 10th Result 2026 Live, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।