Action Ordered on Rail-less Bridge Safety After Fatal Accident in Balpur रेलिंग विहीन पुलिया की करें पहचान, तय करें अफसर की जवाबदेही, Gonda Hindi News - Hindustan
More

रेलिंग विहीन पुलिया की करें पहचान, तय करें अफसर की जवाबदेही

Gonda News - बालपुर के देवीपाटन मण्डल की आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने रेलिंग विहीन पुलिया के मामले में प्रशासनिक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। एक युवक की मौत के बाद, पुलियों की जांच और जिम्मेदार अधिकारियों की पहचान के आदेश दिए गए हैं। जनता को अब सुरक्षा इंतजामों की उम्मीद है।

Wed, 29 April 2026 05:59 PMNewswrap हिन्दुस्तान, गोंडा
share
रेलिंग विहीन पुलिया की करें पहचान, तय करें अफसर की जवाबदेही

बालपुर, संवाददाता। देवीपाटन मण्डल की आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने हादसे का सबब बन रहीं रेलिंग विहीन पुलिया के मामले का संज्ञान लिया है। उन्होंने इस मामले में प्रशासनिक स्तर पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। यही नहीं रेलिंग विहीन पुलिया की पहचान करने और अफसरों की जवाबदेही तय करने के भी निर्देश दिए हैं। हिन्दुस्तान ने 25 अप्रैल 2026 को रेलिंग विहीन पुलिया से गिरी बाइक, एक की मौत की खबर बहुत ही प्रमुखता से प्रकाशित किया था। सरयू नहर खण्ड-एक गंगरौली रजबहा पुलिया पर रेलिंग न होने के कारण एक युवक मोटरसाइकिल समेत नीचे गिर गया था , जिससे उसकी मौत हो गई थी ।

स्थानीय लोगों के अनुसार, इस पुलिया पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं।आयुक्त ने संयुक्त विकास आयुक्त को निर्देशित किया है कि संबंधित पुलिया की तत्काल जांच कराई जाए। ऐसी सभी पुलियों की पहचान की जाए जहां रेलिंग नहीं लगी है । पुलिया निर्माण की तिथि और जिम्मेदार अधिकारियों का विवरण भी जुटाया जाए। रेलिंग न लगाए जाने के कारणों की जवाबदेही तय की जाए तथा पूरी रिपोर्ट सात दिनों के भीतर प्रस्तुत की जाए। आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी अधिकारी या विभाग की लापरवाही सामने आती है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में जिलाधिकारी, को भी पत्र की प्रति भेजकर मामले की निगरानी और आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा गया है। इस आदेश के बाद क्षेत्रीय जनता में उम्मीद जगी है कि अब खतरनाक पुलियों पर सुरक्षा इंतजाम होंगे और भविष्य में ऐसे हादसों पर रोक लगेगी। संयुक्त विकास आयुक्त ने बताया कि आयुक्त के निर्देश का अनुपालन कराया जाएगा।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।