girl body was found hanging from a noose in retired officer house her mother claimed son had teased her रिटायर्ड अफसर के घर फंदे से लटकता मिला लड़की का शव, मां बोली- उसका बेटा छेड़ता था, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

रिटायर्ड अफसर के घर फंदे से लटकता मिला लड़की का शव, मां बोली- उसका बेटा छेड़ता था

लखनऊ के ठाकुरगंज में सेवानिवृत्त अफसर के घर काम करने वाली 14 वर्षीय किशोरी का शव फंदे से लटका मिला। परिजनों ने अफसर के बेटे पर दुष्कर्म के विरोध में हत्या का आरोप लगाया। आक्रोशित लोगों ने बालागंज चौराहे पर शव रखकर तीन घंटे जाम लगाया। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लिया।

Mon, 9 March 2026 09:41 AMsandeep हिन्दुस्तान, वरिष्ठ संवाददाता, लखनऊ
share
रिटायर्ड अफसर के घर फंदे से लटकता मिला लड़की का शव, मां बोली- उसका बेटा छेड़ता था

लखनऊ के ठाकुरगंज बालागंज रेलवे कालोनी में बोकारो स्टील प्लांट से सेवानिवृत अफसर के घर रविवार दोपहर 14 वर्षीय नौकरानी का शव फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी पर पहुंचे किशोरी के परिवारीजनों ने अफसर के बेटे पर किशोरी द्वारा दुष्कर्म का विरोध करने पर उसकी हत्या का आरोप लगाया है। आक्रोशित परिवारीजनों ने कार्रवाई की मांग को लेकर बालागंज चौराहे पर शव रखकर तीन घंटे तक सड़क जाम कर हंगामा और नारेबाजी की। पुलिस ने हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज किया तब पीड़ित परिवार शांत हुआ। किशोरी सीतापुर के रेउसा इलाके की रहने वाली थी। देर रात अफसर के बेटे को हिरासत में ले लिया गया। आरोपी राघव नगरीय निदेशालय में डाटा मैनेजर के पद पर तैनात है।

रिटायर्ड अफसर के घर लड़की का शव मिला

बालागंज रेलवे कालोनी निवासी प्रहलाद अग्रवाल छत्तीसगढ़ स्थित बोकारो स्टील प्लांट से सेवानिवृत अफसर हैं। रविवार दोपहर उनके घर पर 14 वर्षीय नौकरानी का शव दुपट्टे के सहारे पंखे से फंदे पर लटका मिला। ठाकुरगंज पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। किशोरी के घरवालों को सूचना दी। घटना की जानकारी पर पहुंचे किशोरी के परिवारीजनों राजीव के बेटे राघव अग्रवाल पर दुष्कर्म के विरोध में गला घोंटकर बेटी की हत्या का आरोप लगाया। देर शाम पोस्टमार्टम के बाद पीड़ित परिवारीजन, बड़ी संख्या में शव लेकर बालागंज चौराहे पर पहुंचे। उन्होंने सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। आरोपी पर कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग को लेकर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की।

हिरासत में रिटायर अफसर का बेटा

ठाकुरगंज इंस्पेक्टर ओमवीर सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे। पुलिस ने समझाने का प्रयास किया तो धक्का मुक्की शुरू कर दी। बवाल बढ़ता देख चौक, दुबग्गा, काकोरी और तालकटोरा समेत कई थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंचा। करीब तीन घंटे तक हंगामा प्रदर्शन चलता रहा। पुलिस अधिकारियों ने जब आरोपी राघव के खिलाफ हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद पीड़ित परिवारीजन शांत हुए। इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया गया। किशोरी के परिवारीजन शव लेकर अंतिम संस्कार के लिए सीतापुर स्थित पैतृक आवास चले गए।

बेटे पर रेप कर हत्या का आरोप

किशोरी के पिता ने बताया कि वह ठाकुरगंज इलाके में ही रहकर मजदूरी करते थी। बेटी छह माह से राघव के घर में रहकर काम कर रही थी। आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण बेटी को उसके यहां रख दिया। बेटी होली पर घर गई थी। इसके बाद पांच लौट आयी थी। राघव बेटी पर गलत नियत रखता था। बेटी ने इसकी जानकारी घरवालों को दबी जुबान दी भी थी। इस पर राघव के घरवालों को बताया गया तो उन्होंने उसे समझाने की बात कही थी। अफसर के बेटे राघव ने बेटी की दुष्कर्म के विरोध में हत्या कर दी।

जल्द होगा घटना का खुलासा- पुलिस

पुलिस उपायुक्त पश्चिम विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि किशोरी के घरवालों की तहरीर पर राघव के खिलाफ हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम में मौत का कारण हैंगिंग आया है, विसरा जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा होगा।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।