four youths sent on tourist visa held hostage in dubai did not even receive wages for 6 months टूरिस्‍ट वीजा पर भेजे गए चार युवक दुबई में बने बंधक, 6 महीने से मेहनताना भी नहीं मिला, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

टूरिस्‍ट वीजा पर भेजे गए चार युवक दुबई में बने बंधक, 6 महीने से मेहनताना भी नहीं मिला

  • विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर जालसाजी का एक और मामला सामने आया है। इस बार संतकबीरनगर जिले के 4 युवक इसके शिकार हुए हैं। इन युवकों को एक संस्‍था ने टूरिस्ट वीजा पर दुबई भेज दिया।

Mon, 2 Sep 2024 02:24 PMAjay Singh लाइव हिन्दुस्तान
share
टूरिस्‍ट वीजा पर भेजे गए चार युवक दुबई में बने बंधक, 6 महीने से मेहनताना भी नहीं मिला

विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर जालसाजी का एक और मामला सामने आया है। इस बार संतकबीरनगर जिले के चार युवक इसके शिकार हुए हैं। इन युवकों को एक संस्‍था ने टूरिस्ट वीजा पर दुबई भेज दिया। वहां पिछले छह महीने से वे एक फैक्ट्री में बंधक बनकर मजदूरी कर रहे हैं। उन्हें कोई मेहनताना भी नहीं दिया जा रहा है। परिजनों ने युवकों की वापसी की गुहार लगाई है। कैंट पुलिस मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।

संतकबीरनगर के महुली थाना क्षेत्र के भगता निवासी धर्मेंद्र कुमार ने तहरीर दी है कि वह अपने परिचित महुली के रौतापार निवासी नूर मोहम्मद के माध्यम से विदेश भेजने वाली संस्था गल्फ टेक्निकल इंस्टीट्यूट के सिंघड़िया स्थित दफ्तर गए थे। संस्था के मालिक संतोष सिंह ने उनके परिचित चार युवकों संतकबीरनगर के मोहम्मद कैफ, मोहम्मद नौशाद, निरंजन, डली मोहम्मद को विदेश भेजा। संतोष ने सभी से दो-दो लाख रुपये लिए। इसमें से लाख रुपये फोन पे के माध्यम से एडवांस और बाकी एक लाख रुपये कैश दिया गया। चारों युवक 23 फरवरी को दुबई भेजे गए। उक्त संस्था ने चारों युवकों को टूरिस्ट वीजा पर दुबई भेजा। वहां जाने पर चारों युवकों को नौकरी की जगह बंधुआ मजदूर बनाकर कार्य कराया जा रहा है।

उन्हें मजदूरी भी नहीं दी जा रही है। तरह-तरह से प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि किसी तरह से पीड़ितों ने संपर्क किया, जिसके बाद जानकारी हो सकी है। कैंट पुलिस ने गल्फ टेक्निकल इंस्ट्टीयूट के संचालक संतोष सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। एसपी सिटी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। जांच और साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

विदेश जाना हो तो इन बातों का ख्याल रखें

-ई-माइग्रेट पोर्टल पर पंजीकृत भर्ती एजेंटों से ही विदेश जाने के लिए आवेदन करें।

- विदेश में नौकरी के लिए पहले विदेशी नियोक्ता अधिपत्र का विवरण प्राप्त कर लें।

- विदेश में रोजगार के लिए रोजगार वीजा पर ही यात्रा करें।

ई-माइग्रेट पोर्टल के ये हैं फायदे

- विदेश जाने/रहने वाले व्यक्ति का महत्वपूर्ण डाटा ऑनलाइन लिया जाता है।

- विदेशी नियोक्ता और पंजीकृत एजेंट दोनों ही सत्यापित होते हैं।

- ई-माइग्रेट की मदद से विदेश जाने पर जालसाजी की संभावना नहीं होती है।

-इसके माध्यम से विदेश जाने पर 10 लाख का बीमा लाभ भी मिलता है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।