Four children drowned in Ganga while bathing in Prayagraj bodies of two recovered search operation underway प्रयागराज में नहाने के दौरान गंगा में 4 बच्चे डूबे; 2 के शव बरामद, सर्च ऑपरेशन जारी, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

प्रयागराज में नहाने के दौरान गंगा में 4 बच्चे डूबे; 2 के शव बरामद, सर्च ऑपरेशन जारी

प्रयागराज के मांडा में गंगा नहाने गए सात बच्चों में से चार डूब गए। तीन को बचा लिया गया, दो के शव मिले, जबकि दो की तलाश जारी है। पुलिस और गोताखोर सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। हादसे के बाद से इलाके में मातम पसरा है।

Fri, 27 March 2026 01:09 PMsandeep लाइव हिन्दुस्तान, प्रयागराज
share
प्रयागराज में नहाने के दौरान गंगा में 4 बच्चे डूबे; 2 के शव बरामद, सर्च ऑपरेशन जारी

प्रयागराज के मांडा क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। बादपुर गंगा घाट पर करीब 11 बजे सात बच्चे नहाने के लिए गंगा नदी में उतरे थे। इसी दौरान अचानक चार बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। जानकारी के अनुसार, सभी बच्चे बामपुर की दलित बस्ती के रहने वाले थे। मौके पर मौजूद मछुआरों ने तत्परता दिखाते हुए तीन बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, दो बच्चों के शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि दो अन्य बच्चों की तलाश जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही मांडा पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन शुरू कराया। नदी की तेज धारा और अधिक गहराई के कारण रेस्क्यू अभियान में कठिनाई आ रही है, लेकिन पुलिस और प्रशासन की टीम लगातार प्रयास कर रही है। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक का माहौल बना हुआ है। प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और बच्चों को नदी में अकेले न जाने देने की अपील की है।

मांडा थाना क्षेत्र के बामपुर गांव के रहने वाले अनिल कुमार के बेटे कुनाल 13 वर्ष और निहाल 10 वर्ष के साथ राजाराम का बेटा दीपक 17 वर्ष और कमलेश कुमार का बेटा ऋषभ 10 वर्ष डूबे हैं। इसमें से कुनाल और दीपक के शव बरामद हो गए हैं। शेष की तलाश में गोताखोर लगे हैं। हादसे के चश्मदीद ने बताया कि गांव के कुछ लड़के स्नान करने पहुंचे थे। सभी एक साथ नहा रहे थे। इसी बीच कान्हा और निहाल डूबने लगे। सभी उन्हें बचाने उनकी तरफ गए और डूबते चले गए। स्नान करने के लिए अमन के साथ निहाल, कुणाल, छोटे, दीशू, मोहित, दिवांशु, दीपक, कान्हा पहुंचे थे। घटना के बाद से मृतक बच्चों के परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

सूचना पर मांडा प्रभारी थाना इंस्पेक्टर माधव प्रसाद त्रिपाठी और भारतगंज चौकी प्रभारी सुभाष सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों की मदद से लापता बच्चों की तलाश जारी है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।