हेयर स्टाइलिस्ट जावेद हबीब और बेटे के खिलाफ पांच और केस, करोड़ों की ठगी में अब तक 11 मुकदमे
मशहूर हेयर स्टाइलिस्ट जावेद हबीब और उनके बेटे के खिलाफ करोड़ों की ठगी में पांच और केस दर्ज हुए हैं। दोनों पर अब 11 मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। जावेद पर आरोप है कि सेमिनार में मुनाफे का झांसा देकर लोगों से निवेश कराया था।

मशहूर हेयर स्टाइलिस्ट जावेद हबीब और उनके बेटे अनीश हबीब के खिलाफ संभल में करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी के मामले में शिकंजा कसता जा रहा है। ठगी के शिकार लोगों की शिकायतों के बाद अब तक कुल 11 मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं। शनिवार को भी पांच और पीड़ितों ने रायसत्ती थाना पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
वर्ष 2023 में जावेद हबीब और उनके बेटे अनीश हबीब ने संभल के एक पैलेस में सेमिनार आयोजित किया था। इसमें उन्होंने लोगों को बड़े मुनाफे का लालच देकर निवेश करवाया। भरोसा दिलाया कि सैलून फ्रेंचाइज़ी और ब्यूटी प्रोडक्ट्स के कारोबार में पैसा लगाया जाएगा और निवेशकों को मोटा मुनाफा मिलेगा। ढाई साल बीतने के बाद न तो कोई मुनाफा मिला और न ही निवेश की गई रकम वापस की गई। जब लोगों को धोखाधड़ी की आशंका हुई तो 23 सितंबर को रायसत्ती थाने में पहला केस दर्ज किया गया।
शनिवार को सलमान ग्राम मंडी किसनदास सराय, संभल, मुनीर आजम असालतपुरा थाना गलशहीद मुरादाबाद, अनस ईकान कोट गर्वी संभल, मोहम्मद जुनैद हसनपुर मुंजवता संभल और सादाब अली सैदनगली जनपद अमरोहा ने थाने में अलग-अलग तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। जिस पर पुलिस ने शनिवार को जावेद हबीब व उनके बेटे अनीश हबीब के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। 23 सितंबर से अब तक 11 मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि जावेद हबीब और अनीश हबीब के खिलाफ पांच और मुकदमा पंजीकृत किये गए हैं।




साइन इन