female students burqa dance at school video viral स्कूल में छात्राओं के 'बुर्का डांस' पर बवाल, वीडियो वायरल होते ही भड़के लोग, जांच के आदेश, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

स्कूल में छात्राओं के 'बुर्का डांस' पर बवाल, वीडियो वायरल होते ही भड़के लोग, जांच के आदेश

गोंडा जिले में गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान स्कूल के मंच पर बुर्का पहनकर छात्राओं के डांस किया। वीडियो वायरल होने के बाद विवाद की स्थिति बन गई। वहीं, प्रबंधक ने इसे लेकर सफाई दी और माफी मांगी। 

Sat, 31 Jan 2026 01:48 PMPawan Kumar Sharma लाइव हिन्दुस्तान, गोंडा
share
स्कूल में छात्राओं के 'बुर्का डांस' पर बवाल, वीडियो वायरल होते ही भड़के लोग, जांच के आदेश

गोंडा जिले से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे लेकर जिले में विवाद की स्थिति बन गई है। मामला निर्मल नगर बल्लीपुर स्थित गुरुचरण श्रीवास्तव एआर इंटर कॉलेज का बताया जा रहा है, जहां बीते गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान बच्चों द्वारा दी गई सांस्कृतिक प्रस्तुति चर्चा का विषय बन गई। वायरल वीडियो में छात्राएं बुर्का पहनकर मंच पर नृत्य करती नजर आ रही हैं। इस वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। हालांकि, लाइव हिन्दुस्तान वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।

बताया जा रहा है कि गणतंत्र दिवस कार्यक्रम के दौरान मंच पर बच्चों ने एक सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत किया था। वीडियो में कुछ हिंदू और मुस्लिम छात्राएं बुर्का पहनकर फिल्मी गीतों पर डांस करती दिखाई दे रही हैं। वीडियो वायरल होने के बाद कुछ लोगों ने इसे धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला कृत्य बताते हुए कड़ा विरोध जताया। आरोप है कि राष्ट्रीय पर्व जैसे अवसर पर इस तरह की प्रस्तुति अनुचित है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:मुसलमानों को गालियां देकर हिंदू राष्ट्र नहीं बनेगा; धीरेंद्र शास्त्री की नसीहत

स्कूल प्रबंधक ने मांगी माफी

विवाद बढ़ने पर स्थानीय लोगों और कुछ संगठनों ने कॉलेज पहुंचकर प्रदर्शन किया और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इसके बाद कॉलेज प्रबंधन की ओर से सफाई सामने आई। कॉलेज के प्रबंधक राजू श्रीवास्तव ने लिखित रूप से माफी मांगते हुए कहा कि यह प्रस्तुति ‘भूतों की टोली’ नामक मिक्स हॉरर सॉन्ग पर आधारित थी। उन्होंने बताया कि परिधान का चयन काले रंग के कारण किया गया था, लेकिन यह चयन त्रुटिपूर्ण साबित हुआ। यदि किसी की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं तो विद्यालय परिवार इसके लिए क्षमा प्रार्थी है।

कॉलेज प्रबंधक और प्रधानाचार्य ने इस संबंध में मनकापुर कोतवाली में लिखित माफीनामा भी सौंपा है। वहीं, जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) डॉ. रामचंद्र ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कॉलेज प्रबंधन और प्रधानाचार्य से स्पष्टीकरण तलब किया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इस मामले को लेकर इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result 2026 Live, UP Board 10th Result 2026 Live, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।