Every statue of Baba Saheb will have a boundary wall and a canopy over its head announced CM Yogi बाबा साहेब की मूर्तियों की सुरक्षा को लेकर योगी सरकार का बड़ा फैसला, बाउंड्रीवाल का होगा निर्माण, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

बाबा साहेब की मूर्तियों की सुरक्षा को लेकर योगी सरकार का बड़ा फैसला, बाउंड्रीवाल का होगा निर्माण

सीएम योगी आदित्यनाथ ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस पर शनिवार को बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि कुछ शरारती तत्व मूर्तियों को क्षतिग्रस्त करने का प्रयास करते हैं, इसलिए जहां भी बाबा साहेब की मूर्तियां लगी हैं, वहां बाउंड्रीवाल बनाया जाएगा।

Sat, 6 Dec 2025 02:27 PMPawan Kumar Sharma लाइव हिन्दुस्तान, लखनऊ
share
बाबा साहेब की मूर्तियों की सुरक्षा को लेकर योगी सरकार का बड़ा फैसला, बाउंड्रीवाल का होगा निर्माण

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस पर बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में जहां भी आंबेडकर की मूर्तियां स्थापित हैं, उनकी सुरक्षा अब और मज़बूत की जाएगी। उन्होंने बताया कि कई बार कुछ शरारती तत्व मूर्तियों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए सरकार ने निर्णय लिया है कि सभी मूर्तियों के चारों ओर बाउंड्रीवाल बनाई जाएगी और उनके ऊपर छत्र भी लगाया जाएगा, ताकि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित रहे।

कार्यक्रम में सीएम योगी ने बताया कि चतुर्थ श्रेणी, संविदा और सफाई कर्मचारियों को उचित मानदेय देने की दिशा में सरकार तेजी से काम कर रही है। इसी उद्देश्य से एक नया कॉरपोरेशन बनाया गया है। उन्होंने कहा कि अगले एक-दो महीनों में इन कर्मचारियों को न्यूनतम मानदेय देने की गारंटी उपलब्ध करा दी जाएगी। यह जीरो पॉवर्टी अभियान का भी हिस्सा है।

गरीबों के लिए नई सुविधाएं

योगी ने कहा कि अनुसूचित जाति, जनजाति और अत्यंत पिछड़े वर्ग के गरीब परिवारों की पहचान लगभग पूरी हो चुकी है। जिन लोगों के पास राशन, पेंशन या आयुष्मान कार्ड नहीं हैं, उन्हें ये सुविधाएं जल्द उपलब्ध कराई जाएंगी। जिनके पास आवास नहीं है, उन्हें घर भी दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि प्रदेश का कोई भी गरीब, वंचित या अभावग्रस्त व्यक्ति किसी सुविधा से वंचित न रहे।

भारत का अहित कर रहे तुष्टिकरण की नीति पर चलने वाले दल

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हमें संविधान और बाबा साहेब पर गौरव की अनुभूति होती है। सीएम ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर ने उस समय भी खतरों से जागरूक किया था। कांग्रेस के बड़े नेता का जिक्र करते हुए सीएम योगी ने कहा कि अध्यक्ष रहते हुए उन्होंने 1923 में वंदे मातरम गाने से इंकार कर दिया था। जब उनका अंतिम समय आया तो उन्होंने इच्छा व्यक्त की कि येरूशलम में मरूं। तब बाबा साहेब ने टिप्पणी की थी कि जो व्यक्ति भारत में पैदा होकर यहां की सुविधा का उपभोग करके भी भारत की धरती को पवित्र न मानता हो, उसका वक्तव्य कभी भी भारतवासियों के हित में नहीं हो सकता। सीएम ने कहा कि तुष्टिकरण की नीति पर चलने वाले दल न केवल भारत का अहित कर रहे हैं, बल्कि बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर का भी अपमान कर रहे हैं और देशवासियों को उनकी सुविधाओं से वंचित करने की कुत्सित चेष्टा भी कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज का दिन सभी के लिए प्रेरणा दिवस है। बाबा साहेब ने जमीन से आसमान की ऊंचाइयों तक पहुंचने के लिए परिश्रम किया। वे चुनौतियों से जूझे, कठिनाइयों का सामना किया और सामाजिक भेदभाव के रुढ़िगत विषमताओं से जकड़े समाज से उबरकर कोटि-कोटि वंचितों, दलितों, अतिपिछड़ों को सम्मानजनक जीवन देने के लिए अवसर उपलब्ध कराया। महापरिनिर्वाण दिवस उनके प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करने का समारोह है।

बाबा साहेब ने संविधान की प्रस्तावना में न्याय, समता और बंधुता का किया था जिक्र

सीएम योगी ने कहा कि बाबा साहेब के शिक्षाओं से प्रेरित होकर पीएम मोदी के नेतृत्व मे देश के अंदर अभियान चल रहे हैं। बाबा साहेब ने जब भारत का संविधान बनाया तो संविधान शिल्पी के रूप में अपने उत्तरदायित्वों का निर्वहन किया। उसकी प्रस्तावना में तीन महत्वपूर्ण शब्द (न्याय, समता और बंधुता) रखे थे। मोदी जी ने सबका साथ, सबके विकास के भाव के साथ बिना भेदभाव हर वंचित, दलित, गरीब, पिछड़े, महिला, युवा को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया। गरीब को राशन, वंचित को मकान, हर गरीब के घर शौचालय निर्माण, स्वास्थ्य की बेहतरीन सुविधा प्राप्त हो सके। जहां घर है, घरौनी के माध्यम से वहां का मालिकाना हक उपलब्ध कराना भी न्याय, समता व बंधुता का हिस्सा है। समाज की मुख्य धारा के साथ जोड़ने के लिए ऐसे अभियान चलाए गए।

प्रेरणा देता है बाबा साहेब का जीवन दर्शन

सीएम योगी ने कहा कि जो भी सुविधा व संपन्नता आज प्राप्त हो रही है, वह बाबा साहेब की प्रेरणा से हो रहा है। पीएम मोदी के नेतृत्व में नया भारत महापुरुषों पर गौरव की अनुभूति के साथ ही उनका सम्मान करता है। पंचतीर्थ निर्माण, अनुसूचित जाति, जनजाति, पिछड़ी, दलित के छात्रों को मिलने वाली छात्रवृत्ति समेत अन्य सुविधाएं भी उसी क्रम का हिस्सा है। सीएम ने कहा कि हर मलिन, दलित, अनुसूचित जाति- जनजाति बस्तियों को कनेक्टिविटी के साथ जोड़ने की कार्रवाई कर रहे हैं। फिर भी कहीं कुछ बचा है तो उसे पूरी तरह कनेक्टिविटी से जोड़ेंगे। सीएम ने कहा कि बाबा साहेब का जीवन दर्शन नई प्रेरणा देता है। उन्होंने हर गरीब, दलित, वंचित नागरिकों को आश्वस्त किया कि बाबा साहेब की प्रेरणा से प्रेरित होकर समाज व राष्ट्र को सशक्त बनाने, भारत के संविधान के गौरव को पुनर्स्थापित करने की दिशा में डबल इंजन सरकार प्रयत्नशील होकर कार्य करेगी।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।