Eleven cities up shivered intense cold with Basti being coldest dense fog warning has been issued for 38 districts UP Cold: भीषण सर्दी से कांपे यूपी के 11 शहर, बस्ती सबसे ठंडा, 38 जिलों में घने कोहरे की चेतावनी, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

UP Cold: भीषण सर्दी से कांपे यूपी के 11 शहर, बस्ती सबसे ठंडा, 38 जिलों में घने कोहरे की चेतावनी

शनिवार को प्रदेश के 11 प्रमुख शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। बर्फीली हवाओं के चलते दिन के तापमान में भी भारी गिरावट आई है।

Sat, 3 Jan 2026 09:48 PMDinesh Rathour लखनऊ, प्रमुख संवाददाता
share
UP Cold: भीषण सर्दी से कांपे यूपी के 11 शहर, बस्ती सबसे ठंडा, 38 जिलों में घने कोहरे की चेतावनी

यूपी में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। शनिवार को प्रदेश के 11 प्रमुख शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। बर्फीली हवाओं के चलते दिन के तापमान में भी भारी गिरावट आई है, जिससे लोग दिनभर ठिठुरने को मजबूर रहे। कई शहरों में दिन भर सूरज के दर्शन नहीं हुए। वहीं, मौसम विभाग ने 38 शहरों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया।

हरदोई में शनिवार को न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो प्रदेश में सबसे कम रहा। अलीगढ़ में 6.4, आगरा में 6.9, कानपुर (आईएएफ) में 7.2, इटावा में 7.4, बरेली में 8.2, बाराबंकी में 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसी तरह मेरठ में 8.8, लखीमपुर खीरी में 9.0, फतेहपुर में 9.0, मुरादाबाद में 9.8 न्यूनतम तापमान रहा। बस्ती में दिन की सबसे ज्यादा सर्दी दर्ज की गई, जहां अधिकतम तापमान 12.0 डिग्री सेल्सियस तक सिमट गया। इसके बाद गोरखपुर 14.3°, नजीबाबाद 14.2, बाराबंकी 14.5 और मुरादाबाद में 14.5 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा।

इन शहरों में अत्यंत घने कोहरे की चेतावनी

सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, महोबा, झांसी, ललितपुर एवं आसपास के इलाकों में।

इन शहरों में घने कोहरे की चेतावनी

बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, कानपुर देहात, कानपुर नगर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, औरैया, अमरोहा, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, जालौन, हमीरपुर एवं आसपास के इलाकों में।

संभल में भी ठिठुरन बढ़ी, मौसम विभाग का ऑरेंज अलर्ट

नए साल के आगाज़ के बाद लगातार तीसरे दिन मुरादाबाद मंडल कड़ाके की ठंड और घने कोहरे की चपेट में रहा। शनिवार को रामपुर और अमरोहा 8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ ठंडे रहे। वहीं मुरादाबाद में अधिकतम पारा सामान्य से 4 डिग्री नीचे गिरने के कारण 'कोल्ड-डे' के हालात बने रहे। पूरे दिन जमीन से आसमान तक कोहरे की घनी चादर छाई रही, जिससे धूप की एक किरण को भी लोग तरस गए। मौसम विभाग ने रविवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए चेतावनी दी है कि अगले कुछ दिन सर्दी और कोहरे से राहत नहीं मिलेगी। रामपुर और अमरोहा में शनिवार को ठंड का सितम अपने चरम पर रहा। दोनों जिलों में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जिसने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया। कोहरे के कारण दृश्यता (विजिबिलिटी) बेहद कम रही।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result 2026 Live, UP Board 10th Result 2026 Live, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।