Donald Trump daughter and son in law visited Taj Mahal Tiffany was stunned by the carvings डोनाल्ड ट्रंप की बेटी और दामाद ने ताजमहल देखा, फोटो सेशन कराया; नक्काशी देख टिफनी भी चौंकी, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

डोनाल्ड ट्रंप की बेटी और दामाद ने ताजमहल देखा, फोटो सेशन कराया; नक्काशी देख टिफनी भी चौंकी

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की  बेटी टिफनी ट्रंप अपने पति माइकल बॉऊलोस संग आगरा पहुंचीं। दोनों ने ताजमहल का दीदार किया, इतिहास की जानकारी ली और फोटोशूट कराया। इसके बाद वे होटल अमर विलास पहुंचीं, जहां से जैसलमेर रवाना होने का कार्यक्रम है।

Sat, 30 May 2026 03:43 PMsandeep लाइव हिन्दुस्तान, आगरा
share
डोनाल्ड ट्रंप की बेटी और दामाद ने ताजमहल देखा, फोटो सेशन कराया; नक्काशी देख टिफनी भी चौंकी

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी टिफनी ट्रंप शनिवार को अपने पति माइकल बॉऊलोस के साथ आगरा पहुंचीं। उन्होंने विश्व धरोहर ताज महल का भ्रमण किया और करीब एक घंटे तक स्मारक की ऐतिहासिक एवं वास्तुशिल्पीय खूबसूरती को निहारा। उनकी यात्रा को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए थे। सुबह करीब 11:30 बजे टिफनी ट्रंप का चार्टर्ड विमान खेरिया एयरपोर्ट पर उतरा। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के विपरीत उनका काफिला होटल जाने के बजाय सीधे ताजमहल पहुंचा। यहां से दोनों गोल्फ कार्ट में बैठकर मुख्य परिसर तक पहुंचे। ताजमहल में प्रवेश के दौरान उन्होंने हाथ जोड़कर वहां मौजूद लोगों का अभिवादन किया। उनके साथ भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

ट्रंप की बेटी और दामाद ने ताजमहल का दीदार किया

ताजमहल का दीदार करते समय टिफनी ट्रंप ने इसके निर्माण और इतिहास को लेकर विशेष जिज्ञासा दिखाई। उन्होंने गाइड रमेश दीवान से पूछा कि ताजमहल में लगा संगमरमर कहां से लाया गया और इसकी बारीक नक्काशी किस प्रकार की गई। गाइड ने उन्हें बताया कि ताजमहल में प्रयुक्त संगमरमर भारत का ही है, जबकि इसकी जड़ाई और नक्काशी में इस्तेमाल किए गए बहुमूल्य पत्थर अफ्रीका, यमन और अन्य देशों से मंगाए गए थे। गाइड ने उन्हें मुगलकालीन स्थापत्य कला और ताजमहल के निर्माण से जुड़े कई रोचक तथ्य भी बताए।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:ताज महल की आए दिन आ रही वीडियो से ASI परेशान, गुबंद में उगे पौधे पर गरमाई सियासत
ये भी पढ़ें:ताजमहल में पर्यटकों का भजन-कीर्तन करते वीडियो वायरल; ASI ने रिपोर्ट मांगी

टिफनी- माइकल ने डायना बेंच पर फोटोशूट कराया

ताजमहल परिसर में टिफनी और माइकल ने प्रसिद्ध डायना बेंच के पास फोटोशूट कराया। दोनों ने एक-दूसरे का हाथ थामकर कई तस्वीरें खिंचवाईं। इसके अलावा उन्होंने अपने स्टाफ के साथ भी समूह फोटो ली। इस दौरान टिफनी नारंगी रंग की लंबी ड्रेस और धूप का चश्मा पहने नजर आईं, जबकि माइकल टी-शर्ट, ट्राउजर और सनग्लासेस में दिखाई दिए। उनकी मौजूदगी के दौरान बड़ी संख्या में पर्यटक भी उन्हें देखने और तस्वीरें लेने में जुटे रहे। ताजमहल भ्रमण के बाद दंपति होटल द ओबेरॉय अमर विलास पहुंचे। बताया गया कि उन्हें ऐसा कमरा उपलब्ध कराया गया है, जहां से ताजमहल का सीधा और स्पष्ट दृश्य दिखाई देता है। होटल में लंच करने के बाद दोनों के चार्टर्ड विमान से राजस्थान के जैसलमेर रवाना होने का कार्यक्रम है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:ताजमहल दुनिया का अनमोल खजाना, आगरा का तूफानी दौरा कर जयपुर निकले मार्को रूबियो

डोनाल्ड ट्रंप और मार्ला भी घूम चुके हैं ताजमहल

टिफनी ट्रंप, डोनाल्ड ट्रंप और उनकी दूसरी पत्नी मार्ला मैपल्स की इकलौती बेटी हैं। उनका जन्म 13 अक्टूबर 1993 को फ्लोरिडा में हुआ था। उन्होंने कानून की पढ़ाई की है और वर्ष 2022 में माइकल बॉऊलोस से विवाह किया था। वर्ष 2025 में उनके बेटे एलेक्जेंडर ट्रंप बॉऊलोस का जन्म हुआ। टिफनी अपने पिता के राजनीतिक अभियानों में भी सक्रिय रही हैं और 2016 तथा 2020 के रिपब्लिकन नेशनल कन्वेंशन में भाषण दे चुकी हैं। इससे पहले 2020 में डोनाल्ड ट्रंप अपनी पत्नी लानिया, बेटी इवांका और दामाद जेरेड कुशनर के साथ ताजमहल देखने आए थे। करीब छह वर्ष बाद ट्रंप परिवार का एक और सदस्य ताजनगरी पहुंचा है, जिससे यह यात्रा खास चर्चा का विषय बनी हुई है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।