कुत्ते के भौंकने पर भड़के युवक; पीट-पीटकर मार डाला, गिरफ्तारी के बाद कान पकड़े
बांदा में कुत्ते के भौंकने से नाराज दो युवकों ने उसे खंभे से बांधकर डंडों से पीट-पीटकर मार डाला। घटना का वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पशु क्रूरता को लेकर क्षेत्र में आक्रोश है।

बांदा जिले में पशु क्रूरता का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। कुत्ते के भौंकने से नाराज दो युवकों ने उसे पहले खंभे से रस्सी से बांधा और फिर डंडों से बेरहमी से पीट-पीटकर मार डाला। इस पूरी घटना का वीडियो किसी पड़ोसी ने बना लिया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। हालांकि हिन्दुस्तान वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है, लेकिन पुलिस ने इसे संज्ञान में लेकर तत्काल कार्रवाई की।
कुत्ते को पीटने का वीडियो वायरल
सोशल मीडिया पर जारी हुए 87 सेकेंड के वीडियो में दो युवक कुत्ते को खंभे के पास बांधते हैं और फिर बारी-बारी से डंडों से उस पर वार करते हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुत्ते को करीब ताबड़तोड़ 22 लाठियां मारी गईं। हमले की तीव्रता इतनी अधिक थी कि उसका सिर गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया और दोंनों आंखें बाहर निकल आईं। वीडियो में सुनाई देता है कि कुत्ता दर्द से तड़प रहा है और आरोपी तब तक उसे पीटते रहे, जब तक वह पूरी तरह निढाल होकर गिर नहीं पड़ा। अंत में किसी के “मर गया” कहने की आवाज भी सुनाई देती है।
दोनों आरोपियों को पुलिस ने दबोचा
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया। चौकी प्रभारी अतर्रा चुंगी उत्कर्ष सिंह ने मामले की जांच शुरू की और आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान महावीर पुत्र लोटन निवासी ग्राम बड़ोखरखुर्द और अख्तर पुत्र बाविद के रूप में हुई है। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
कान पकड़कर माफी मांगी
सहायक पुलिस अधीक्षक श्लोक गौतम ने बताया कि बेज़ुबान पशु के साथ मारपीट और क्रूरता करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं समाज के लिए चिंताजनक हैं और कानून के तहत दोषियों को दंडित किया जाएगा। कोर्ट में पेशी से पहले दोनों आरोपियों ने अपने कृत्य पर कान पकड़कर गलती भी स्वीकार की।
पशुप्रेमियों में आक्रोश
घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। पशु प्रेमियों और सामाजिक संगठनों ने इस कृत्य की निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पशुओं के प्रति किसी भी प्रकार की हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी और भविष्य में भी ऐसे मामलों में सख्त रुख अपनाया जाएगा। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।




साइन इन