माघ मेला के टेंट में आग से डीएम के भतीजे की मौत, सेक्टर पांच स्थित शिविर में दर्दनाक हादसा
प्रयागराज में लगे माघ मेले में लगे टेंट में एक बार फिर आग लगी है। इस आग में टेंट के अंदर सो रहे युवक की जान चली गई है। युवक मुजफ्फरनगर के डीएम का भतीजा था।

प्रयागराज में लगे माघ मेला में लगे टेंट में लगातार तीसरे दिन आग लगी। सेक्टर नंबर पांच स्थित अन्नपूर्णा मार्ग पर पुराने रेलवे ब्रिज के नीचे शिविर में अचानक आग लगने से 22 वर्षीय मानस मिश्र की मौत हो गई। वह रिश्ते में मुजफ्फरनगर के डीएम के भतीजे थे। पिता के निधन के बाद मानस ही अपने घर का इकलौता कमाऊ सदस्य था। घटना गुरुवार रात करीब 11 बजे की है, जब शिव धर्मार्थ कल्याण संस्थान के शिविर में अचानक लपटें उठने लगीं।
ड्यूटी पर तैनात एक पुलिसकर्मी ने टेंट से धुआं निकलता देखा तो शोर मचाया। स्थानीय लोगों की मदद से शिविर का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया। फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक टेंट में सो रहे मानस मिश्र गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें तत्काल एसआरएन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
लीलापुर कला निवासी मानस मिश्र झूंसी के एक प्राइवेट संस्थान में नौकरी करते थे। पिता के निधन के बाद मां केतकी और छोटे भाई अमन की जिम्मेदारी उन्हीं पर थी। परिजनों ने बताया कि मानस मुजफ्फरनगर के डीएम उमेश मिश्र का रिश्ते में भतीजा था। शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद जब शव घर पहुंचा तो पूरे गांव में मातम पसर गया। मानस के शव से लिपटकर मां और भाई रो-रोकर बेहाल थे। एसपी मेला नीरज कुमार पांडेय ने बताया कि घटना की वजह की जांच कराई जा रही है।
टेंट में रात्रि विश्राम करना बना काल
परिजनों ने बताया कि डीएम उमेश मिश्र के छोटे भाई अधिवक्ता योगेश मिश्र का माघ मेला में शिविर लगा है। मानस झूंसी में प्राइवेट फर्म में नौकरी करता था। वह गुरुवार की रात घर लौटने की बजाए शिविर में ही सोने चला गया था। लेकिन रात्रि विश्राम करना मानस के लिए काल बन गया। गहरी नींद में उसे आग लगने का आभास नहीं हुआ। जब तक पता चला तब तक लपटें विकराल हो गई थीं, वह गंभीर रूप से झुलस गया था।
मलबा हटा करा दिया साफ
माघ मेला में लगातार तीन दिन से आग लगने की घटनाएं हो रही हैं। तीनों घटनाओं में फिलहाल शॉर्ट सर्किट से आग लगने की बात कही जा रही है, जबकि मेला प्रशासन दीपक की लौ से आग लगने की बात कह रहा है। इधर, गुरुवार की रात जिस टेंट में आग लगी, उसे शुक्रवार की सुबह होते-होते साफ कर दिया गया। मेला प्रशासन ने आनन-फानन में मलबा तक हटवा दिया।




साइन इन