Dispute While Bathing at Tubewell Youth Unleashes Pitbull Two People Bitten in meerut ट्यूबवेल पर नहाने के दौरान विवाद, युवक ने पिटबुल कुत्ते से कराया हमला, दो लोगों को काटा, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

ट्यूबवेल पर नहाने के दौरान विवाद, युवक ने पिटबुल कुत्ते से कराया हमला, दो लोगों को काटा

यूपी के मेरठ में ट्यूबवेल पर नहाने के दौरान विवाद हो गया। इसी बीच एक व्यक्ति ने अपना पिटबुल कुत्ता छोड़ दिया। कुत्ते के हमले से कई लोग बुरी तरह से घायल हो गए। पुलिस ने कुत्ते से हमला कराने वाले युवक की तलाश में जुटी है। 

Fri, 5 June 2026 12:05 AMDinesh Rathour मेरठ, प्रमुख संवाददाता
share
ट्यूबवेल पर नहाने के दौरान विवाद, युवक ने पिटबुल कुत्ते से कराया हमला, दो लोगों को काटा

Meerut News: भीषण गर्मी में राहत पाने के लिए कुछ लोग ट्यूबवेल पर पहुंचे। यहां नहाने के दौरान आपस में विवाद हो गया। इसी दौरान एक युवक ने अपने पिटबुल कुत्ते को नहा रहे लोगों पर छोड़ दिया। कुत्ते ने कुछ लोगों को बुरी तरह से काट लिया। इधर आसपास के लोग पहुंचे और किसी तरह कुत्ते से जान बचाई। कुत्ते के हमले से कुछ लोग घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद आरोपी कुत्ता लेकर भाग निकला। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। साथ ही पुलिस आरोपी और उसके कुत्ते की तलाश में लगी है।

बहसूमा के सैफपुर फिरोजपुर निवासी महकार ने बताया कि दो जून को वह दोस्तों के साथ फिरोजपुर मंदिर के पीछे ट्यूबवेल पर नहाने गया था। मोनू नाम के युवक और उसके साथियों से विवाद हो गया। आरोप है कि मोनू ने अपना पिटबुल कुत्ता लाकर हमला करा दिया। कुत्ते ने महकार और उसके साथी को काट लिया। आसपास के कुछ लोगों ने बचाव कराया। इसके बाद घायल महकार और दूसरे युवक को अस्पताल भेजा गया। इस मामले में मोनू और उसके साथियों के खिलाफ तहरीर दी गई, जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। वहीं, पुलिस को मोनू और उसके पिटबुल की तलाश है।

पिटबुल ने तीन लोगों पर बोला हमला, एक की अंगुली काटी

वहीं दूसरी पिटबुल कुत्ते से कटवाने का मामला एक महीने पहले बागपत से भी सामने आ चुका है। यहां पिटबुल नस्ल के कुत्ते ने दोघट क्षेत्र के आदमपुर गांव में तीन युवकों पर हमला कर दिया था। आदमपुर गांव निवासी वासुदेव ने बताया था कि वह शाम के समय करीब आठ बजे घर के बाहर बैठा था। इसी दौरान सफेद रंग के पिटबुल कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया। कुत्ते ने हाथ की एक अंगुली काटकर अलग कर दी। उसने पड़ोस के घर में घुसकर जान बचाई। गांव के ही युवक बादल को भी कुत्ते ने घायल किया, जबकि रितिक ने किसी तरह जान बचाई। वहीं वासुदेव कटी अंगुली लेकर बड़ौत के आस्था व जीवन ज्योति हास्पिटल पहुंचा, चिकित्सकों ने अंगुली जोड़ने से इनकार कर दिया। शनिवार को वासुदेव ने जिला अस्पताल पहुंचकर उपचार कराया। इमरजेंसी मेडिकल आफिसर डा. विजय प्रकाश का कहना है कि युवक को एंटी रेबीज का इंजेक्शन लगाया गया है। युवक की कटी अंगुली अब जुड़ नहीं पाएगी। दो अन्य युवकों को भी एंटी रेबीज इंजेक्शन लगाया गया।

दहशत में दरवाजे किए बंद

घायल वासुदेव ने बताया कि पिटबुल कुत्ता कहां से आया, इसका पता नहीं चला। उसके गले में पट्टा बंधा हुआ है। शक है कि यह पालतू कुत्ता अचानक खुलकर भाग आया है। लोगों ने बचाव के लिए अपने घरों के दरवाजे बंद कर लिए। जिसके बाद कुत्ता जंगल की ओर भाग गया। कुत्ते की इतनी दहशत है कि लोग घर से बाहर निकले से भी कतरा रहे हैं। ग्रामीणों ने अधिकारियों से शिकायत करते हुए कुत्ते को पकड़वाने की मांग की है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।