माघ मेला से पहले अचानक संगम क्षेत्र पहुंचे डिप्टी सीएम केशव, अफसरों में मच गया हड़कंप
प्रयागराज पहुंचे डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि हम माघ मेले को मिनी कुम्भ मेले के रूप में मनाएंगे। सभी तीर्थयात्रियों से अपील की कि सिर्फ गंगा मइया में डुबकी लगाकर न जाएं बल्कि एक महीने का कल्पवास करें।

सोमवार देर शाम डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य अचानक माघ मेले की तैयारियों का निरीक्षण करने संगम क्षेत्र पहुंच गए। डिप्टी सीएम के मेला क्षेत्र में पहुंचने से अधिकारियों में हड़कंप मच गया। वह सबसे पहले संगम नोज पर पहुंचे और गंगाजल से आचमन किया। पूजा-अर्चना कर माघ मेले के सकुशल और निर्विघ्न संपन्न होने की कामना की। उन्होंने कहा कि माघ मेला को मिनी कुम्भ के रूप में मनाने के लिए सभी जरूरी कदम उठाने के निर्देश सरकार ने दिए हैं। जो कमियां है उसे निर्धारित समय में पूरा करने और तीन जनवरी से मेला प्रारंभ होने तक कोई काम बकाया न रहने के निर्देश दिए हैं।
डिप्टी सीएम ने कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि हम माघ मेले को मिनी कुम्भ मेले के रूप में मनाएंगे। सभी तीर्थयात्रियों से अपील की कि सिर्फ गंगा मइया में डुबकी लगाकर न जाएं बल्कि एक महीने का कल्पवास करें। कल्पवास नहीं कर सकते तो दो-चार या पांच दिन का अल्पवास करके मेले का आध्यात्मिक और अलौकिक आनंद लें।
जमीन आवंटन को लेकर संतों की नाराजगी पर कहा कि सभी अफसरों को निर्देश दिए है जमीन आवंटन समेत जो भी काम है अभियान चलाकर पूरा करें। कहा कि मेले में चाक चौबंद इंतजाम किए जा रहे हैं और यहां आने वाले साधु-संतों, कल्पवासियों और श्रद्धालुओं को कोई परेशानी नहीं होगी। अविरल और निर्मल गंगा जल मिले इसके लिए भी सिंचाई विभाग की ओर से गंगा में पर्याप्त जल की उपलब्धता पूरे मेले के दौरान बनी रहेगी। डिप्टी सीएम ने कहा कि 2014 में केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार बनने के बाद लगातार गंगा अविरल और निर्मल हुई है। प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद हर माघ मेला, कुंभ और महाकुंभ मेला दिव्य और भव्य हो रहा है।




साइन इन