पारा चढ़ते ही बढ़ी बिजली की डिमांड, 525 मेगावाट खपत
Deoria News - देवरिया में भीषण गर्मी के बीच बिजली की मांग में वृद्धि हुई है। जिले को 525 मेगावाट बिजली मिल रही है, लेकिन अनियमित कटौती से जनता परेशान है। बरहज नगर में 13-15 घंटे बिजली मिलना मुश्किल हो रहा है। दुकानदारों को भी समस्या हो रही है क्योंकि बिजली के अभाव में कारोबार प्रभावित हो रहा है।
देवरिया/बरहज, हिन्दुस्तान टीम मौसम का पारा चढ़ने के साथ ही बिजली की डिमांड जिले में जाड़े के मौसम में लगभग 400 मेगावाट के सापेक्ष भीषण गर्मी में सवा सौ मेगावाट बिजली की खपत अधिक बढ़ गई है। गर्मी में लगभग 525 मेगावाट बिजली जिले को मिल रही है। विभाग की माने तो जिले को जितनी बिजली की जरूरत है उतनी मिल रही है। मांग व आपूर्ति में कोई अंतर नहीं है। इमरजेंसी रोस्टिंग ही हो रही है। वहीं बरहज क्षेत्र में नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति चरमरा गई है。
बिजली कटौती से कारोबार प्रभावित
शेड्यूल के मुताबिक शहर सहित सलेमपुर, भाटपाररानी व रुद्रपुर तहसील क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति हो रही है। वहीं बरहज नगर में बिजली आपूर्ति की स्थिति बदतर बनी हुई है। भीषण गर्मी में विद्युत कटौती से जनता त्राहिमाम कर रही है। अनियमित बिजली कटौती से बच्चों की पढ़ाई, घरेलू कामकाज और स्थानीय व्यापार प्रभावित हो रहा है। धरना-प्रदर्शन के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है। विभाग की लापरवाही का खामियाजा आम जनता भुगत रही है।
बरहज में पिछले पांच दिन की कटौती का विवरण
वर्तमान समय में ग्रामीण क्षेत्र की बात कौन कहे बरहज नगर में ही 13-15 घंटे बिजली मिलना मुश्किल हो रहा है। जबकि 21 घंटा आपूर्ति का निर्देश है। ग्रामीण क्षेत्रों की हालत पहले से ही काफी बदतर है। ग्रामीण फीडर के पॉवर ट्रांसफॉर्मर से लेकर वितरण वाले ट्रांसफॉर्मर तक ओवरलोड हैं। अधिकांश लाइनें जर्जर हैं, जिससे गर्मी बढ़ने पर तार टूटने व ट्रांसफॉर्मर फुंकने की समस्या बढ़ी है। फॉल्ट होने पर मरम्मत समय से नहीं होती है। भीषण गर्मी में ट्रिपिंग की समस्या आम बात है।
बरहज संवाद के अनुसार बिजली कटौती के कारण दुकानदारों को समस्या हो रही है। हालत यह है कि फ्रीज में रखा सामान खराब हो जा रहा है। दुकानदारों का कहना है कि गर्मी के दिनों में पेय पदार्थ, बोतलबंद पानी की मांग बढ़ जाती है। इसे बेचकर दुकानदार चार पैसा कमा लेते हैं। लगातार हो रही बिजली कटौती के कारण फ्रीज में रखी बोतल ठंडी नहीं हो पाती है। ग्राहक दूसरी दुकानों पर चले जाते हैं। बिजली के अभाव में और दूसरा कोई कारोबार पनप नहीं पा रहा है।
पचलडी विद्युत उपकेंद्र से कुछ गांवों में आपूर्ति प्रभावित
बरहज में पिछले पांच दिन की कटौती का विवरण:
5 जून-10:30 घण्टे
6 जून-11 घण्टे
7 जून-9:45 घण्टे
8 जून-9 घण्टे
9 जून- 8 घण्टे
रुद्रपुर संवाद के अनुसार 5 जून की शाम आई तेज आंधी-पानी से पचलड़ी सब स्टेशन से जुड़े ग्रामीण क्षेत्रों में कई स्थानों पर पोल व तार गिरने से आपूर्ति ठप हो गई थी। जगह जगह पोल व तार टूट कर जमीन पर गिर गए थे। वहीं उपकेंद्र से जुड़े गावों में धीरे-धीरे आपूर्ति बहाल हो रही है। अभी भी उपकेंद्र से जुड़े बहोरा दलपतपुर, शीतल माझा, अवस्थी व नगवा खास में आधा गांव में अभी भी पोल टूट कर गिरे हुए हैं और आपूर्ति बहाल नहीं होने से भीषण गर्मी में ग्रामीण परेशान हैं।
बोले जिम्मेदार
तकनीकी फाल्ट के चलते आपूर्ति प्रभावित हो रही है। प्रतिकूल मौसम भी आपूर्ति में बाधक साबित हो रहा है। मौजूद संसाधनों में बेहतर आपूर्ति का प्रयास किया जा रहा है। जहां भी लोकल फाल्ट या अन्य किसी प्रकार की गड़बड़ी की जानकारी मिल रही है उसे ठीक करवाया जा रहा है। जिससे कि उपभोक्ताओं को दिक्कत न हो।
- अरविंद सिंह गौतम,
अधिशासी अभियंता विद्युत, बरहज।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन