बिहार पुलिस ने 14 को उठाया, आधा दर्जन से अधिक गांवों में हुई छापेमारी
Deoria News - भटनी (देवरिया) में बिहार पुलिस ने चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए छापेमारी की। 26 दिनों में 19 चोरी की घटनाओं के बाद, पुलिस ने संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया। चार गांवों में छापेमारी के दौरान 14 युवकों को पकड़ा गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

भटनी(देवरिया), हिन्दुस्तान टीम। क्षेत्र में आधी रात को बिहार तथा स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम की छापेमारी से दहशत फैल गई। विजयीपुर थाना क्षेत्र में 26 दिनों में चोरी की 19 घटनाएं हुई थीं। इसे लेकर हरकत में आई बिहार पुलिस ने टीम गठित कर मामले की जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज से मिले सुराग के दौरान कुछ चोर बिहार पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पकड़े गए चोरों ने भटनी थाना क्षेत्र के युवकों के भी शामिल होने की जानकारी दी थी। इसके आधार पर क्षेत्र के चार से अधिक गांवों में हुई छापेमारी में 14 युवकों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। बिहार पुलिस युवकों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है。
छापेमारी की जानकारी
बिहार प्रांत के सीमावर्ती थाना क्षेत्र में मंगलवार की रात कुटियां पंचायत के छितौनी, परसौनी तथा कुटियां गांवों के छह घरों को चोरों ने निशाना बनाया था। लाखों के जेवरात तथा सामान चोरी होने से बिहार पुलिस सकते में आ गई। करीब 26 दिनों में हुई 19 चोरी की घटनाओं से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल था। गोपालगंज पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चोरी की घटनाओं के पर्दाफाश के लिए बिहार पुलिस की टीम गठित की गई। टीम को घटना की रात का एक सीसीटीवी फुटेज हाथ लगा, जिसमें विजयीपुर क्षेत्र के कुछ युवकों की पहचान हुई। बिहार पुलिस ने संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
संदिग्धों की तलाश
टीम को मिली जानकारी के आधार पर भटनी पुलिस के साथ बुधवार की रात क्षेत्र के घांटी, चुहियां, सिहपुर, डेमुसा आदि गांवों में पकड़े गए चोरों के साथ संदिग्धों की तलाश शुरू हुई, जिसमें 14 युवकों को बिहार पुलिस ने हिरासत में ले लिया। एक ही रात में चार गांवों के 14 युवकों के पकड़े जाने की खबर मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। हालांकि मामले में स्थानीय पुलिस कुछ भी बोलने से कतरा रही है। चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले युवकों का एक बड़ा गिरोह बिहार पुलिस के हाथ लगा है। स्थानीय क्षेत्र से युवकों के पकड़े जाने की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सनसनी मची हुई है।
पुलिस की प्रतिक्रिया
कोट- 1
बिहार प्रान्त के गोपालगंज की पुलिस टीम तथा विजयीपुर पुलिस टीम ने भटनी क्षेत्र के कई गांव में चोरी के मामले में मिले लीड के आधार पर छापेमारी की है। बिहार में हुई चोरी की घटनाओं का मामला होने के कारण बिहार पुलिस ही मामले की छानबीन कर रही है।
- मृत्युन्जय राय, थानेदार, भटनी
कोट-2
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र में सनसनी फैली हुई थी। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम अपना काम कर रही है। पकड़े गए चोरों से पूछताछ के आधार पर भटनी क्षेत्र के भी कुछ गांव के युवकों को हिरासत में लिया गया है। मामले का जल्द ही पर्दाफाश किया जाएगा।
- आनंदमोहन गुप्त, एसडीपीओ, हथुआ
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन