dead body of a girl was found in a suitcase in Hapur UP with injury marks on her face and body यूपी में फिर सूटकेस में मिली युवती की लाश, चेहरे और शरीर पर कई जगह चोट के निशान, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

यूपी में फिर सूटकेस में मिली युवती की लाश, चेहरे और शरीर पर कई जगह चोट के निशान

यूपी में एक बार फिर सूटकेस में युवती की लाश मिली है। युवती के चेहरे और शरीर पर कई जगह चोट के निशान भी मिले हैं। फिलहाल युवती की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस शव को कब्जे में लेकर जांच में जुटी है।

Fri, 30 May 2025 09:47 PMYogesh Yadav हापुड़, संवाददाता
share
यूपी में फिर सूटकेस में मिली युवती की लाश, चेहरे और शरीर पर कई जगह चोट के निशान

यूपी के हापुड़ में पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र में सिखेड़ा रजवाहे के पास झाड़ियों में बंद सूटकेस में एक युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई। फोरेंसिक टीम के साथ एसपी, एएसपी भी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं। युवती के चेहरे समेत शरीर के कई हिस्सों पर चोट के निशान मिले हैं। माना जा रहा है कि कहीं और हत्याकर शव को सूटकेस में डाला गया और यहां फेंका गया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शव की अभी शिनाख्त नहीं हो सकी है। आसपास के थानों को इस बारे में सूचित कर दिया गया है। लापता युवतियों की फोटो से पहचान की भी कोशिश हो रही है।

पिलखुवा क्षेत्र के गांव सिखेड़ा के कुछ ग्रामीणों ने शुक्रवार सुबह रजवाहे के किनारे में झाड़ियों में सूटकेस पड़ा देखा। जिसकी सूचना पुलिस को दी गई। एसपी समेत अनेक पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। सूटकेस खोलने पर उसमें करीब 25 वर्षीय युवती का शव मिला। युवती के सिर और शरीर पर कई जगह चोट के निशान भी थे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।

युवती के सिर पर चोट के निशान मिले

पुलिस के अनुसार करीब 25 वर्ष की युवती का शव है। शव सड़ी गली अवस्था में था और उसने सलवार सूट पहना हुआ था। प्रारंभिक जांच में पुलिस का मानना है कि धारदार हथियार से कहीं और हत्या कर शव को सूटकेस में बंदकर यहां फेंका गया है। युवती के सिर व शरीर पर कई जगह चोट के निशान भी मिले हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मौत के कारण का पता चल सकेगा। विभिन्न बिंदुओं को ध्यान में रख पुलिस की तीन टीमें जांच में जुट गई हैं। युवती की शिनाख्त के लिए आसपास के थानों के साथ जिलों को भी सूचना भेजी गई है।

एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह के अनुसार बंद सूटकेस में महिला का शव मिला है, उसकी अभी शिनाख्त नहीं हुई है। पुलिस को जल्द से जल्द मृतका की शिनाख्त कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए हैं।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।