लखनऊ में डेयरी संचालक को बदमाशों ने गोली मारी, देररात वारदात से इलाके में सनसनी
राजधानी लखनऊ में देररात घर के बाहर खड़े डेयरी संचालक को बदमाशों ने गोली मार दी। गोली कंधे के पास लगी है। हालत गंभीर बताई जा रही है। वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई।

लखनऊ के टेढ़ी पुलिया विवेकानंद पुरम में बुधवार देर रात करीब 12 बजे कार सवार बदमाशों ने डेयरी संचालक आसिफ रागी (25) को गोली मार दी। गोली कंधे के पास लगी और आसिफ मौके पर ही गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद कार सवार बदमाश भाग निकले। पुलिस बदमाशों की तलाश में सीसी फुटेज खंगाल रही है। वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई।
टेढ़ी पुलिया विवेकानंद पुरम निवासी आसिफ रागी डेयरी संचालक है। बुधवार देर रात वह खाना खाने के बाद घर के बाहर खड़ा था। आरोप है कि इस बीच कार से आसिफ और दो अन्य लोग पहुंचे। तीनों कार से नीचे उतरे। आसिफ रागी के पास पहुंचे। आसिफ रागी से आसिफ गाली-गलौज करने लगा। दोनों में हाथापाई शुरू हो गई। आसिफ ने असलहा निकाला और आसिफ रागी को गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर घरवाले और आस पड़ोस के लोग पहुंचे। इस बीच आसिफ साथियों के साथ कार में बैठा और फरार हो गया।
घरवालों ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। घायल आसिफ रागी को निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। आसिफ रागी के परिवारीजनों ने बताया कि हमलवार आसिफ कहां रहा है? इसकी जानकारी उन्हें नहीं है। हां वह अकसर आसिफ रागी से मिलने के लिए आता रहता था।
इंस्पेक्टर गुडंबा प्रभातेश श्रीवास्तव, एसीपी गाजीपुर अनिद्य विक्रम सिंह पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसीपी ने बताया कि दोनों पक्षों में क्या विवाद था? इसकी जानकारी डेयरी संचालक के घरवाले नहीं दे सके हैं। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। आरोपी की तलाश में सीसी फुटेज चेक किए जा रहे हैं। आरोपियों की तलाश में चार टीमें गठित की गई हैं। जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।




साइन इन