couple celebrating wedding anniversary was hit by a dumper, crushing wife who fell on road शादी सालगिरह मनाने जा रहे कपल को डंपर ने मारी टक्कर, सड़क पर गिरी पत्नी को रौंदा, मचा कोहराम, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

शादी सालगिरह मनाने जा रहे कपल को डंपर ने मारी टक्कर, सड़क पर गिरी पत्नी को रौंदा, मचा कोहराम

यूपी के बाराबंकी जिले में दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। शादी सालगिरह मनाने जा रहे कपल को डंपर ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पीछे बैठी पत्नी उछलकर सड़क पर जा गिरी और उसी समय डंपर उसे रौंदते हुए चला गया। पत्नी की मौत से कोहराम मच गया।

Thu, 27 Nov 2025 04:36 PMDeep Pandey लाइव हिन्दुस्तान
share
शादी सालगिरह मनाने जा रहे कपल को डंपर ने मारी टक्कर, सड़क पर गिरी पत्नी को रौंदा, मचा कोहराम

यूपी के बाराबंकी जिले में क्षेत्र के लखनऊ-अयोध्या राजमार्ग पर गुरुवार को छदवल गांव के निकट तेज रफ्तार डंपर ने पीछे से बाइक में टक्कर मार दी। जिससे बाइक पर बैठी पत्नी की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। जबकि बाइक चला रहे युवक और दो साल की मासूम बेटी घायल हो गए। शादी सालगिरह मानने युवा दंपति अपनी मासूम बेटी के साथ मंदिर में दर्शन-पूजन करने के लिए जा रहे थे। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मच गया।

क्षेत्र के पक्खा का पुरवा मजरा सनौली निवासी राजेश कुमार वर्मा रामसनेहीघाट तहसील परिसर स्थित आपूर्ति विभाग के कार्यालय में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर तैनात हैं। गुरुवार को शादी सालगिरह होने की वजह से वे अपनी पत्नी रोली (24) और दो वर्षीय बेटी रीति के साथ बाइक से अंबौर स्थित मां ज्वालामुखी देवी के दर्शन को निकले थे। बाइक से पत्नी और बेटी को लेकर वे जैसे ही क्षेत्र के छदवल के पास हाईवे पर जैसे पहंुचे इसी बीच पीछे से तेज रफ्तार आ रहे डंपर ने जोरदार टक्कर मार दी। जिससे पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पीछे बैठी रोली उछलकर सड़क पर जा गिरी और उसी समय डंपर का पिछला पहिया उसके ऊपर से गुजर गया। रोली ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे का मंजर देखकर आसपास मौजूद लोग भी सिहर उठे। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर आगे बैठे राजेश और उनकी मासूम बेटी रीति भी सड़क के दूसरी ओर जा गिरे। दोनों घायल हो गए। उन्हें तत्काल डॉक्टर के यहां ले जाकर इलाज शुरू करवाया गया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:पुलिस अफसर और महिला आयोग की सदस्य आमने-सामने, जेसीपी बोले- निरीक्षण का हक नहीं
ये भी पढ़ें:आधार कार्ड जन्म तिथि का प्रमाण नहीं; योगी सरकार का सभी विभागों को आदेश

सूचना पर जैदपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई, जबकि हादसे के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस के अनुसार डंपर चालक की तलाश की जा रही है। वर्षगांठ के दिन हुआ यह हादसा पूरे क्षेत्र में शोक और संवेदना का विषय बना हुआ है।

मासूम रीति पूछ रही मम्मी कहां गई...

मां के साथ हंसते-खेलते मंदिर दर्शन को निकली दो वर्षीय मासूम रीति अब अचानक मां की मौत से गहरे सदमे में है। हादसे के बाद से वह बार-बार केवल एक ही सवाल पूछ रही है, मम्मी कहां गई? जिसका जवाब उसके पिता राजेश सहित कोई नहीं दे पा रहा है। गुरुवार को राजेश और उनकी पत्नी रोली की शादी की चौथी वर्षगांठ थी। घर में शाम को छोटे से समारोह की तैयारी थी। सुबह रोली की इच्छा पर वे बेटी रीति को साथ लेकर मां ज्वालामुखी के दर्शन को निकले थे। सभी के चेहरे पर खुशी थी, लेकिन नियति ने उनकी दुनिया पल भर में उजाड़ दी। राजेश कहते हैं, मेरी पत्नी बहुत सरल स्वभाव की थी। बिटिया के लिए कई सपने देखे थे। आज वही बिटिया मां को पुकार रही है और हम सबके पास कोई जवाब नहीं। हर कोई बच्ची की मासूम पुकार सुनकर भावुक हो जाता है। परिवार और ग्रामीणों की आंखें नम हैं। मां को खो चुकी रीति की मासूमियत इस हादसे का सबसे दर्दनाक पहलू बन गई है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result 2026 Live, UP Board 10th Result 2026 Live, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।