Comedian Sunil Pal arrives at Meerut court to testify in his kidnapping case praises CM Yogi मेरठ कोर्ट पहुंचे कॉमेडियन सुनील पाल; अपने अपहरण केस में दी गवाही, CM योगी की तारीफ की, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

मेरठ कोर्ट पहुंचे कॉमेडियन सुनील पाल; अपने अपहरण केस में दी गवाही, CM योगी की तारीफ की

कॉमेडियन सुनील पाल का दो दिसंबर 2024 को मेरठ से  अपहरण हुआ था। और बिजनौर में बंधक बनाकर रखा गया। इस दौरान 20 लाख की फिरौती मांगी गई और बाद में 8 लाख रुपये वसूलकर 4 दिसंबर को छोड़ा गया था। इस मामले में सुनील गवाही देने मेरठ कोर्ट पहुंचे थे।

Mon, 20 April 2026 07:11 PMsandeep हिन्दुस्तान, प्रमुख संवाददाता, मेरठ
share
मेरठ कोर्ट पहुंचे कॉमेडियन सुनील पाल; अपने अपहरण केस में दी गवाही, CM योगी की तारीफ की

बॉलीवुड अभिनेता और हास्य कलाकार सुनील पाल सोमवार को मेरठ कोर्ट पहुंचे और अपने ही अपहरण केस में गवाही दी। दो आरोपियों की कोर्ट में पहचान की और इसके बाद मीडिया से बातचीत की। सुनील पाल को बिजनौर के गैंग ने दिसंबर 2024 को मेरठ से अगवा किया था और इसके बाद बिजनौर में बंधक बनाकर रखा था। इससे पहले इसी गिरोह ने अभिनेता मुश्ताक को भी अगवा किया था। इस पूरे गिरोह के 10 सदस्यों को पुलिस ने कार्रवाई में घेरा था।

हास्य कलाकार सुनील पाल को लवी पाल उर्फ राहुल सैनी और अर्जुन कर्णवाल ने हरिद्वार में एक बर्थडे पार्टी में शामिल होने के लिए बुलाया था। दो दिसंबर 2024 को मेरठ से ही सुनील पाल का अपहरण किया गया और बिजनौर में बंधक बनाकर रखा गया। इस दौरान 20 लाख की फिरौती मांगी गई और बाद में 8 लाख रुपये वसूलकर 4 दिसंबर को छोड़ा गया था।

सुनील पाल ने दो आरोपियों की पहचान की

मुंबई पहुंचने के बाद सुनील पाल ने जीरो एफआईआर दर्ज कराई थी, जो बाद में मेरठ के लालकुर्ती थाने में ट्रांसफर कर दी गई थी। इसी केस में मेरठ के तत्कालीन एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने स्वाट टीम को कार्रवाई के लिए लगाया था। इसी केस में आरोपियों के खिलाफ गवाही और पहचान करने के लिए अभिनेता सुनील पाल सोमवार को मुंबई से मेरठ में एडीजे-3 की कोर्ट में पहुंचे थे। उनके वकीलों की टीम भी साथ में रही। कोर्ट में गवाही के दौरान सुनील पाल ने 2 आरोपियों की पहचान की और बताया कि ये लोग ही घटना में शामिल थे। करीब आधे घंटे सुनील पाल कोर्ट रूम में रहे। कोर्ट को अपनी सेहत का हवाला दिया और बताया कि ज्यादा सफर नहीं कर सकता।

यूपी पुलिस और योगी आदित्यनाथ की तारीफ की

अभिनेता सुनील पाल बोले कि 2 दिसंबर 2024 को मेरा अपहरण किया गया था। मेरठ कोर्ट में इसका केस चल रहा है। सारे अपराधी पकड़े गए हैं। बस एक बार जज साहब से निवेदन करना था और पेशी होनी थी। मैं इस प्रकरण में यूपी पुलिस और योगी बाबा को धन्यवाद देना चाहूंगा और सराहना करना चाहता हूं। मैं इंसाफ चाहता हूं। चाहता हूं कि जो मेरे साथ हुआ, वो किसी और के साथ न हो। कहा कि मेरठ में आकर मेरा जीवन काशी और मथुरा बन गया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:सुनील पाल अपहरण मामले में पुलिसकर्मियों पर SSP का ऐक्शन, पूरी टीम लाइन हाजिर
ये भी पढ़ें:सुनील पाल अपहरण; लवी का हॉफ एनकाउंटर, फिर गोली खाने से कैसे बच गया अंकित, VIDEO

वारदात के बाद मैं ट्रॉमा का शिकार हुआ

सुनील पाल बोले कि अपहरण के बाद मैं बहुत डरा हुआ हूं और ट्रॉमा का शिकार हो गया था। एक साल में 10 किलो वजन भी कम हो गया है। अब तो बाहर जाने से भी डर लगता है। बताया कि मुंबई में भी कोई आसपास रहता है तो मैं उसे शक की नजर से देखता हूं। कहीं बाहर जाता हूं तो पहले दोस्त साहिबे आलम को फोन पर जानकारी देता हूं। जिस वाहन से जा रहे होते हैं, उसकी फोटो और नंबर भी परिवार और दोस्तों को व्हाट्सएप पर भेजता हूं।

इसी गिरोह ने किया था अभिनेता मुश्ताक का अपहरण

अर्जुन गैंग ने ही हास्य कलाकार और अभिनेता मुश्ताक खान का 20 नवंबर 2024 को अपहरण किया था। मुश्ताक को भी एक कार्यक्रम के बहाने पहले दिल्ली एयरपोर्ट बुलाया गया और यहां से कार में बैठाकर मेरठ हाइवे से होकर एक होटल पर रोका गया। यहीं पर मुश्ताक खान को दूसरी कार में अपहरण कर बिजनौर के मकान में बंधक बनाकर रखा गया। मुश्ताक से एक करोड़ की फिरौती मांगी गई, लेकिन बाद में 2.20 लाख रुपये वसूल कर छोड़ दिया गया।

10 आरोपियों पर हुआ था केस, लगी थी गैंगस्टर

दोनों अभिनेता के अपहरण और फिरौती के मामले में एक मुकदमा मेरठ के लालकुर्ती थाने और दूसरा मुकदमा बिजनौर कोतवाली में दर्ज कराया गया था। लवी पाल उर्फ राहुल सैनी को पुलिस ने शुरुआत में ही मुठभेड़ में दबोचा था। इसके अलावा सार्थक चौधरी उर्फ रिक्की, अंकित पहाड़ी, अर्जुन कर्णवाल, शुभम, अजीम अहमद, शबीउद्दीन, आकाश उर्फ गोला, शिवा, शशांक पर मुकदमा हुआ था। पुलिस ने सभी पर गैंगस्टर की कार्रवाई की थी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:सुनील पाल, मुश्ताक ही नहीं राजेश पुरी का भी हुआ अपहरण, शक्ति कपूर बाल-बाल बचे

स्वाट टीम को एसएसपी ने कर दिया था लाइन हाजिर

सुनील पाल और मुश्ताक खान केस में मेरठ स्वाट टीम को कार्रवाई के लिए लगाया गया था। वहीं, बिजनौर पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत ज्यादातर आरोपियों की धरपकड़ की थी। इसे लेकर मेरठ पुलिस की किरकिरी हुई थी। तत्कालीन एसएसपी मेरठ डॉ. विपिन ताडा ने इसके बाद मेरठ स्वाट टीम को भंग कर सभी को लाइन हाजिर कर दिया था।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।