Cold wave in many districts including Lucknow Kanpur due to north westerly winds UP Weather: उत्तर-पश्चिमी हवाओं से ठंड बढ़ी, लखनऊ-कानपुर समेत कई जिलों में शीतलहर, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

UP Weather: उत्तर-पश्चिमी हवाओं से ठंड बढ़ी, लखनऊ-कानपुर समेत कई जिलों में शीतलहर

UP Weather: यूपी में उत्तर-प्रश्चिमी हवाओं ने ठंड बढ़ा दी है। दिन-रात का तापमान नीचे जाने की वजह से बीती रात कानपुर, लखनऊ समेत कई अन्य जिलों में शीतलहर देखने को मिला। वहीं, अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में हल्की मौसमी गिरावट का भी अंदेशा है।  

Sun, 16 Nov 2025 04:02 PMPawan Kumar Sharma लखनऊ, वार्ता
share
UP Weather: उत्तर-पश्चिमी हवाओं से ठंड बढ़ी, लखनऊ-कानपुर समेत कई जिलों में शीतलहर

UP Weather: उत्तर प्रदेश में उत्तर-पश्चिमी हवाओं ने ठंड में बढ़ोत्तरी कर दी है। दिन और रात का तापमान सामान्य से काफी नीचे रहने की वजह से बीती रात इटावा, बरेली, कानपुर, लखनऊ, बाराबंकी एवं अमेठी में शीतलहर का असर दिखाई दिया हैं। मौसम विभाग के अनुसार आगामी 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में हल्की मौसमी गिरावट होने की संभावना है। जिसके चलते रात एवं भोर के समय प्रदेश के मध्यवर्ती भागों में 16 नवंबर तक आंशिक शीतलहर की स्थिति बरकरार रह सकती है। वहीं सोमवार से हवाओं की दिशा परिवर्तन के साथ तापमान में गिरावट कम होगी।

मौसम विज्ञान विभाग के वैज्ञानिक डॉ. ए के सिंह ने कहा कि प्रदेश में इस समय कोई सक्रिय मौसम तंत्र मौजूद नहीं है, लेकिन पश्चिमी हिमालयीय क्षेत्रों से आ रही ठंडी एवं शुष्क उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण रात के तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की जा रही है। आसमान साफ रहने की वजह से रात में विकिरणीय शीतलन बढ़ गया है, वहीं मध्य भारत पर बने प्रतिचक्रवात के प्रभाव से ठंडी हवाओं के अधोगमन ने भी प्रदेश के मौसम को और अधिक शीतल बना दिया है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:यूपी में समय से पहले सबसे आ रहे ठंडे दिन, नवंबर में ही चलेगी दिसंबर वाली शीतलहरी

वैज्ञानिकों की मानें तो इन सम्मिलित प्रभावों के परिणामस्वरूप पिछले कुछ दिनों से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में दिन और रात दोनों तापमान सामान्य से काफी नीचे बने हुए हैं। हालांकि दिन में धूप निकलने के बाद शीतलहर का प्रभाव काफी हद तक कम हो जाएगा, लेकिन इस अवधि में अधिकतम तापमान भी सामान्य से 1-4 डिग्री सेल्सियस नीचे रहने की संभावना है।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 17 नवंबर से हवाओं के दिशा परिवर्तन के साथ तापमान में गिरावट की यह प्रवृत्ति थमने लगेगी तथा ठंड में थोड़ी कमी महसूस होगी। इससे प्रदेश को शीतलहर जैसी स्थितियों से आंशिक राहत मिलने की उम्मीद है। इसी दौरान सुबह के समय में हल्की धुंध व कहीं-कहीं हल्का कोहरा भी पड़ सकता है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।