cm yogi adityanaths shiva sadhana rudrabhishek in gorakhnath shakti temple darshan and worship in shiva temples सीएम योगी की शिव साधना, शक्ति मंदिर में रुद्राभिषेक, शिवालयों में दर्शन-पूजन, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

सीएम योगी की शिव साधना, शक्ति मंदिर में रुद्राभिषेक, शिवालयों में दर्शन-पूजन

  • सीएम योगी आदित्‍यनाथ ने गोरक्षपीठ के शक्ति मंदिर में रुद्राभिषेक, हवन-पूजन के साथ शिवोपासना की। उन्‍होंंने रुद्राभिषेक कर देवाधिदेव महादेव से लोक मंगल और राष्ट्र कल्याण की प्रार्थना की। रुद्राभिषेक गोरक्षपीठ के पीठाधीश्वर आवास में स्थित शक्ति मंदिर में हुआ।

Wed, 26 Feb 2025 12:14 PMAjay Singh हिन्दुस्तान, संवाददाता, गोरखपुर
share
सीएम योगी की शिव साधना, शक्ति मंदिर में रुद्राभिषेक, शिवालयों में दर्शन-पूजन

CM Yogi's Shiva Sadhana: महाशिवरात्रि पर गोरखपुर में मौजूद गोरक्षपीठाधीश्वर और मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने शिव साधना की। यहां गोरक्षपीठ के शक्ति मंदिर में उन्‍होंने रुद्राभिषेक, हवन-पूजन के साथ शिवोपासना का अनुष्ठान किया। सीएम योगी ने रुद्राभिषेक कर देवाधिदेव महादेव से लोक मंगल और राष्ट्र कल्याण की प्रार्थना की। रुद्राभिषेक गोरक्षपीठ के पीठाधीश्वर आवास में स्थित शक्ति मंदिर में हुआ। रुद्राभिषेक के बाद मुख्यमंत्री ने हवन कर गोरक्षपीठ में शिवोपासना का अनुष्ठान पूर्ण किया।

बुधवार सुबह महाशिवरात्रि पर सीएम योगी के आनुष्ठानिक कार्यक्रमों की शुरुआत गोरखनाथ मंदिर से हुई। मठ के प्रथम तल पर स्थित शक्ति मंदिर में उन्होंने भगवान भोले शंकर का गोदुग्ध से रुद्राभिषेक किया। मठ के पुरोहित एवं वेदपाठी ब्राह्मणों ने शुक्ल यजुर्वेद संहिता के रुद्राष्टाध्यायी के महामंत्रों द्वारा रुद्राभिषेक का अनुष्ठान पूर्ण कराया। रुद्राभिषेक के बाद मुख्यमंत्री ने हवन तथा आरती कर चराचर जगत के कल्याण हेतु महादेव से प्रार्थना की। अनुष्ठान का यह कार्य दो घंटे से अधिक समय तक चला। इसके पहले मुख्यमंत्री ने गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित शिव मंदिर में भी पूजन किया। उन्होंने यहां भगवान नंदी का पूजन कर भगवान शंकर का जलाभिषेक किया। उल्लेखनीय है कि नाथपंथ की परंपरा में गुरु गोरखनाथ सबका कल्याण करने वाले भगवान शिव के अवतार माने जाते हैं। गोरखनाथ मंदिर के मूल में भी लोक कल्याण एवं लोक मंगल की ही भावना है। ऐसे में गोरक्षपीठाधीश्वर के लिए महाशिवरात्रि का पर्व बेहद महत्वपूर्ण होता है।

तीन प्रमुख शिव मंदिरों में पहुंचे मुख्यमंत्री, जलाभिषेक कर की उपासना

गोरखनाथ मंदिर में महाशिवरात्रि का अनुष्ठान पूर्ण करने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अंधियारीबाग स्थित प्राचीन मानसरोवर शिव मंदिर, राजघाट स्थित मुक्तेश्वरनाथ मंदिर और झारखंडी स्थित झारखंडी महादेव मंदिर का भ्रमण किया। इन तीनों शिव मंदिरों में उन्होंने भगवान भोलेनाथ का दर्शन, पूजन व जलाभिषेक कर लोकमंगल की कामना की। भ्रमण के दौरान सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि हर जगह सुरक्षा, सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधा का पूरा इंतजाम रखा जाए। उन्होंने इन तीनों शिवालयों पर आए श्रद्धालुओं का अभिवादन स्वीकार कर उनका कुशलक्षेम भी जाना।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:ऐक्‍शन में यूपी पुलिस: मेरठ, गोरखपुर और कुशीनगर में एनकाउंटर, एक ढेर; 8 गिरफ्तार

महाशिवरात्रि पर्व पर शिवालयों के भ्रमण के क्रम में मुख्यमंत्री सबसे पहले अंधियारी बाग स्थित प्राचीन मानसरोवर मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच महादेव का दर्शन पूजन किया। भोलेनाथ को भांग, धतूरा, बेलपत्र, पुष्प आदि अर्पित कर जलाभिषेक किया। पूजन कर बाहर निकलते वक्त उनकी नजर नन्हें-मुन्ने श्रद्धालुओं पर पड़ गई। मुख्यमंत्री तुरंत बच्चों के पास पहुंचे। उनसे आत्मीयता से बातचीत को और दुलारकर आशीर्वाद दिया।

मानसरोवर के बाद सीएम योगी मुक्तेश्वरनाथ मंदिर पहुंचे और दर्शन, पूजन के बाद महादेव का अभिषेक किया। यहां भी उन्होंने मंदिर आए बच्चों से मुलाकात और आत्मीय संवाद कर अपना आशीर्वाद दिया। मुख्यमंत्री ने यहां बच्चों को चॉकलेट गिफ्ट किया। मुक्तेश्वरनाथ मंदिर के बाद सीएम योगी महादेव झारखंडी मंदिर पहुंचे और भगवान शिवशंकर की विधि विधान से आराधना कर जलाभिषेक किया। इस दौरान उनके साथ सांसद रविकिशन शुक्ल, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कामेश्वर सिंह, कालीबाड़ी के महंत रविंद्रदास भी मौजूद रहे।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:महाशिवरात्रि पर महाकुंभ में उमड़ा जनसैलाब, सुबह से 60 लाख लोगों ने किया महास्नान

महाशिवरात्रि पर्व पर दोपहर बाद मुख्यमंत्री पीपीगंज के भरोहिया स्थित बाबा पितेश्वरनाथ शिव मंदिर भी पहुंचे। यहां उन्होंने विधि विधान से बाबा पितेश्वरनाथ का दर्शन, पूजन व दूध, जल आदि अर्पित कर अभिषेक किया। यहां भी सम्पूर्ण मानव जाति के कल्याण, उद्धार, समृद्धि एवं शांति की प्रार्थना की। उल्लेखनीय है कि पांडवकालीन मान्यता वाले पितेश्वरनाथ मंदिर का गोरक्षपीठ से गहरा नाता है। गोरक्षपीठाधीश्वर हर महाशिवरात्रि यहां जलाभिषेक करने आते हैं।

मंदिर परिसर में सीएम ने पौधरोपण भी किया

सीएम योगी ने पितेश्वरनाथ मंदिर परिसर में हरिशंकरी (पीपल, बरगद, पाकड़) का पौधरोपण किया और मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए पर्यटन विभाग द्वारा क्रियान्वित परियोजना के ड्राइंग मैप का अवलोकन कर जरूरी दिशानिर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने भरोहिया में शिव मंदिर के सामने स्थित गुरु गोरखनाथ विद्यापीठ के परिसर में स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम पूछा। भरोहिया में मुख्यमंत्री के आगमन पर विधायक फतेह बहादुर सिंह, भाजपा के जिलाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह, जंगल कौड़िया के ब्लॉक प्रमुख बृजेश यादव, भरोहिया के ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि संजय सिंह समेत कई लोग मौजूद रहे।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result 2026 Live, UP Board 10th Result 2026 Live, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।