इस तारीख को पूरा होगा प्रोजेक्ट, पांच लाख आबादी को मिलेगा सीधा लाभ: सीएम योगी
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गोड़धोइया नाला पुनरोद्धार परियोजना केवल जल निकासी व्यवस्था नहीं, बल्कि शहर को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक बनाने का एक मॉडल है।

CM Yogi: गोरखपुर पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गोड़धोइया नाला पुनरोद्धार परियोजना केवल जल निकासी व्यवस्था नहीं, बल्कि शहर को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक बनाने का एक मॉडल है। बरसात के दिनों में जिन मोहल्लों में एक घंटे की बारिश से जलभराव हो जाता था, वहां अब समुचित ड्रेनेज व्यवस्था विकसित की जा रही है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि 15 जून तक परियोजना का कार्य पूरा कर गोरखपुरवासियों को समर्पित कर दिया जाएगा, जिससे शहर के उत्तरी हिस्से की ढाई से पांच लाख आबादी सीधे लाभान्वित होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कभी गंदे नाले में तब्दील हो चुका गोड़धोइया नाला अब आधुनिक जल निकासी प्रणाली के रूप में विकसित किया जा रहा है। यह नाला जंगल क्षत्रधारी और अन्य क्षेत्रों से होते हुए रामगढ़ताल तक पहुंचने वाले गंदे पानी और बदबू का बड़ा कारण बन गया था। अब इस पूरे सिस्टम को वैज्ञानिक ढंग से तैयार किया जा रहा है ताकि केवल स्वच्छ जल का प्रवाह हो और सीवर तथा ड्रेनेज के लिए अलग अंडरग्राउंड लाइन बिछाई जा सके।
साढ़े नौ मीटर चौड़ा होगा आरसीसी नाला
उन्होंने बताया कि साढ़े नौ किलोमीटर लंबा और साढ़े नौ मीटर चौड़ा आरसीसी नाला शहर में होने वाले भारी जलभराव को तेजी से राप्ती नदी की ओर प्रवाहित करेगा। परियोजना के तहत दोनों ओर सड़क और सर्विस मार्ग भी विकसित किए जा रहे हैं, जिससे स्थानीय लोगों को बेहतर संपर्क सुविधा मिलेगी। सुरक्षा के लिए नाले पर 14 ब्रिज और कन्वर्ट भी बनाए जा रहे हैं, ताकि लोगों और वाहनों की आवाजाही सुरक्षित रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि परियोजना के अंतर्गत 35 एमएलडी क्षमता का सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और पंपिंग स्टेशन भी तैयार किया गया है। सीवर लाइन के कुछ कार्य शेष हैं, जिन्हें अगले 15-20 दिनों में पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि गोरखपुर को ट्रांसपोर्ट कनेक्टिविटी, नई अर्थव्यवस्था और आधुनिक शहरी सुविधाओं से जोड़ने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। इस दौरान सांसद रवि किशन शुक्ला, महापौर डॉ मंगलेश श्रीवास्तव सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
स्वच्छ सर्वेक्षण के लिए सहयोग की अपील
मुख्यमंत्री ने लोगों से स्वच्छ गोरखपुर अभियान में भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि नालों और नदियों में प्लास्टिक, पॉलिथिन, कपड़े और घरेलू कचरा फेंकना बंद करना होगा। उन्होंने कहा कि यदि नागरिक सहयोग करेंगे तो गोरखपुर आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और सुंदर शहर बन सकेगा। मुख्यमंत्री ने परियोजना से जुड़े अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि बहुत जल्द इसके भव्य उद्घाटन कार्यक्रम में फिर सभी के साथ जुड़ने का अवसर मिलेगा। इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने नाला निर्माण कार्य का निरीक्षण किया।




साइन इन