cm yogi adityanath filled the sir form said all citizen voters must fill it to strengthen democracy सीएम योगी ने भरा SIR का फॉर्म, बोले-आप सब भी भरें, लोकतंत्र को मजबूत करें, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

सीएम योगी ने भरा SIR का फॉर्म, बोले-आप सब भी भरें, लोकतंत्र को मजबूत करें

सीएम योगी ने मंगलवार को स्वयं इस प्रक्रिया में शामिल होकर यह संदेश दिया है कि मतदाता सूची को सही और अद्यतन रखना केवल प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक का अधिकार और कर्तव्य है। ‘सशक्त लोकतंत्र की नींव हैं ‘सत्यापित मतदाता’, आपका यह छोटा सा प्रयास भारत के लोकतंत्र को मजबूत करेगा।’

Tue, 18 Nov 2025 02:12 PMAjay Singh लाइव हिन्दुस्तान
share
सीएम योगी ने भरा SIR का फॉर्म, बोले-आप सब भी भरें, लोकतंत्र को मजबूत करें

CM Yogi filled the SIR form: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार की सुबह गोरखपुर में एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया) प्रक्रिया का फार्म भरा। इसके साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की कि सभी नागरिक इस फार्म को जरूर भरें। यह एक नागरिक के रूप में अपनी जिम्मेदारी और लोकतांत्रिक चेतना का उदाहरण प्रस्तुत करने का मौका है। सीएम योगी ने मंगलवार सुबह गोरखनाथ मंदिर के बैठक कक्ष में मतदाता सूची के एसआईआर का फॉर्म भरा।

योगी आदित्यनाथ गोरखपुर शहर विधानसभा क्षेत्र के झूलेलाल मंदिर के पास स्थित कन्या प्राथमिक विद्यालय मतदान केंद्र के बूथ संख्या 223 में पंजीकृत मतदाता हैं। बता दें कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची को अधिक सटीक, अद्यतन और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से 4 नवंबर से 4 दिसंबर तक एसआईआर अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को बीएलओ गोरखनाथ मंदिर पहुंचे और मुख्यमंत्री को एसआईआर फॉर्म उपलब्ध कराया, जिसे मुख्यमंत्री ने भरकर उन्हें सौंप दिया।

एसआईआर मतदाता सूची को शुद्ध और सटीक बनाने और साथ ही संविधान के अनुच्छेद 326 के तहत मतदाता अधिकारों के सही से इस्तेमाल के लिए कराया जा रहा है। सीएम योगी ने मंगलवार को स्वयं इस प्रक्रिया में शामिल होकर यह संदेश दिया है कि मतदाता सूची को सही और अद्यतन रखना केवल प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक का अधिकार और कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि नागरिक अपने स्तर पर इसकी पहल करें। ऐसी पहल मतदाता जागरूकता को मजबूती देती है और लोकतंत्र को और अधिक सहभागी बनाती है।

सीएम ने एक्स पर की यह पोस्ट

एसआईआर के संबंध में सीएम योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट की। अपनी पोस्ट में उन्होंने लिखा- ‘सशक्त लोकतंत्र की नींव हैं 'सत्यापित मतदाता', आज विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के अंतर्गत गोरखपुर में अपना गणना प्रपत्र स्वयं भरकर उपलब्ध कराया। आप सभी SIR फॉर्म अवश्य भरें। आपका यह छोटा सा प्रयास भारत के लोकतंत्र को मजबूत करेगा।’

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।