चित्रकूट हत्याकांड: आयुष के परिवार से मिले कैबिनेट मंत्री नंदी; बोले-कातिलों के मददगारों को भी नहीं बख्शेंगे
चित्रकूट आयुष हत्याकांड के बाद लगातार चौथे दिन सोमवार को भी बरगढ़ कस्बे का मुख्य बाजार पूरी तरह बंद रहा। कैबिनेट मंत्री नंदगोपाल गुप्ता नंदी ने बरगढ़ पहुंचकर पीड़ित कारोबारी से मुलाकात की। भरोसा दिया कि जिसने भी कातिलों की मदद की है, उन सभी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। पी

चित्रकूट आयुष हत्याकांड के बाद लगातार चौथे दिन सोमवार को भी बरगढ़ कस्बे का मुख्य बाजार पूरी तरह बंद रहा। शांति-व्यवस्था कायम रखने को कस्बे में जगह-जगह पुलिस टीमें तैनात रहीं। प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री नंदगोपाल गुप्ता नंदी ने बरगढ़ पहुंचकर पीड़ित कारोबारी से मुलाकात की। भरोसा दिया कि आयुष की हत्या में जो भी शामिल होगा, जिसने भी कातिलों की मदद की है, उन सभी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। पीड़ित परिवार जब भी चाहे, वह उनकी मुख्यमंत्री से मुलाकात भी कराएंगे।
बरगढ़ कस्बे में बीते गुरुवार की शाम कपड़ा कारोबारी अशोक केसरवानी के 13 साल बेटे आयुष केसरवानी की अगवा करने के बाद गला घोटकर हत्या कर दी गई थी। आयुष का शव बगल के ही मकान में शौचालय के भीतर हौज में दबा मिला था। पुलिस ने आयुष के एक कातिल कल्लू उर्फ साहबे ईमान को मुठभेड़ के दौरान मार गिराया था, जबकि दूसरे आरोपित इरफान अंसारी के पैर में गोली लगी थी। आयुष की हत्या के बाद लगातार दो दिन बरगढ़ कस्बे में बवाल हुआ। लामबंद व्यापारियों ने हाईवे जाम से लेकर कातिलों का सामान उनकी दुकान और कमरों से निकालकर आग के हवाले कर दिया था। बरगढ़ कस्बे में आयुष के शव का अंतिम संस्कार होने तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
इसके साथ ही बरगढ़ बाजार आयुष की हत्या के बाद से ही बंद चल रहा है। लगातार चौथे दिन सोमवार को भी बरगढ़ के मुख्य बाजार में दुकानें बंद रही। केवल अशोक चौराहा की तरफ इक्का-दुकानें खोली गईं। पुलिस का पहरा बरगढ़ कस्बे में लगा हुआ है। पीएसी की टीम स्थायी तौर पर तैनात है। प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री नंदगोपाल गुप्ता नंदी सोमवार को बरगढ़ पहुंचे। उन्होंने आयुष के पिता पीड़ित अशोक केसरसानी समेत उनके पूरे परिवार से मुलाकात की। पीड़ित परिवार ने आयुष के कातिलों को सख्त से सख्त सजा दिलाने की मांग की। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि कक्षा सात में पढ़ने वाले छोटे बच्चे की क्रूरता से हत्या की गई है। यह बहुत ही जघन्य कांड है।
उन्होंने आगे कहा कि इस तरह की अराजकता बर्दाश्त नहीं होगी। कहा कि पुलिस ने कार्रवाई के दौरान एक कातिल को मार गिराया है। जबकि दूसरे कातिल को गोली लगी है। कहा कि आयुष की हत्या में अन्य लोग जो भी शामिल होंगे, जिन लोगों ने कातिलों की कहीं पर भी मदद की है, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस पूरा सीडीआर निकाल रही है। कहा कि पीड़ित परिवार जब भी चाहे, लखनऊ में वह मुख्यमंत्री से मुलाकात कराएंगे। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाएगा।




साइन इन