अतीक अहमद के करीबी जैद समेत 7 पर केस, EVM गोदाम की जमीन पर अवैध कब्जा का आरोप
यूपी में माफिया अतीक अहमद के करीबी जैद समेत सात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) और ईवीएम गोदाम की जमीन पर अवैध कब्जा करने के आरोप में नामजद एफआईआर दर्ज की गई है।

माफिया अतीक अहमद के करीबी रहे मोहम्मद जैद खालिद समेत सात लोगों पर आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) और ईवीएम गोदाम की जमीन पर अवैध कब्जा करने के आरोप में नामजद एफआईआर दर्ज की गई है। आरोपियों ने जमीन को रिश्तेदार समेत अन्य लोगों को बेच दी। सदर तहसील के लेखपाल सुधीर कुमार की तहरीर पर पूरामुफ्ती थाना पुलिस ने प्रॉपर्टी डीलर मोहम्मद जैद खालिद समेत सात आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार,रसूलपुर-काशीपुर और उपरहार गांव में सार्वजनिक रास्ते और नाले की जमीन पर कब्जे का मामला सामने आया है। मोहम्मद जैद खालिद समेत कई लोगों ने सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर वहां प्लॉटिंग का काम शुरू कर दिया था। आरोप लगाया गया है कि जैद खालिद ने एटीएस की जमीन पर रास्ता बनाकर उसे अपनी प्लॉटिंग साइट से जोड़ दिया। इसके अलावा, ईवीएम की जमीन पर भी कब्जा कर मोहम्मद जैद खालिद, उसके भाई जसीम अहमद, राहिल सिद्दीकी, महमूद अख्तर, अबू जैद, दिलशाद और धीरेंद्र प्रताप सिंह ने प्लॉटिंग शुरू कर दी थी।
जांच रिपोर्ट के मुताबिक, जैद ने रसूलपुर-काशीपुर गांव में लगभग 0.38 हेक्टेयर जमीन खरीदी थी, लेकिन उसने 0.48 हेक्टेयर जमीन बेच दी, जो तय सीमा से अधिक है। रिपोर्ट में यह भी उल्लेख है कि जैद ने प्रयागराज विकास प्राधिकरण (PDA) से कोई आवश्यक अनुमति नहीं ली थी।
मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज होने के बाद तहसील प्रशासन ने जांच शुरू की, जिसमें मामला उजागर हुआ।थाना प्रभारी मनोज सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




साइन इन