गंगा एक्सप्रेसवे पर खड़े ट्रक में भिड़ी 110 की रफ्तार से कार, भीषण हादसे में 4 की मौत
उत्तर प्रदेश के उन्नाव में गंगा एक्सप्रेसवे पर खड़े ट्रक में 110 की रफ्तार से कार भिड़ गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और सवार चारों लोगों की मौत हो गई।

यूपी के उन्नाव में गंगा एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार दोपहर तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खराब खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भयावह थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस और राहत टीम ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चारों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। प्रारंभिक जांच में कार की रफ्तार 110 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक बताई जा रही है। चारों युवक प्रयागराज से जनपद मेरठ की ओर जा रहे थे।
आसीवन थाना क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 387.6 के पास शुक्रवार अपराह्न करीब साढ़े तीन बजे एक ट्रक तकनीकी खराबी के कारण सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आई कार अनियंत्रित होकर ट्रक में जा घुसी। हादसे में प्रयागराज जिले के थाना फूलपुर क्षेत्र के जाफरपुर गांव निवासी 26 वर्षीय उदय सिंह पटेल पुत्र राम सिंह पटेल, 32 वर्षीय अनुपम गुप्ता पुत्र अजय गुप्ता, फूलपुर कस्बे के बाबूगंज मोहल्ला निवासी 25 वर्षीय विजय पुत्र मकसूदन लाल तथा 28 वर्षीय अमन गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही आसीवन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों व एक्सप्रेसवे कर्मियों की मदद से सभी घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया। बांगरमऊ सीएचसी पहुंचने पर चिकित्सकों ने विजय और अमन को मृत घोषित कर दिया, जबकि उदय सिंह और अनुपम गुप्ता की हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल की इमरजेंसी पहुंचते ही दोनों ने भी दम तोड़ दिया। पुलिस ने शवों की पहचान कर परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है। चारों के शव मॉच्र्युरी में रखवाए गए हैं।
हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर मची अफरा-तफरी
गंगा एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। टक्कर की जोरदार आवाज सुनकर आसपास के राहगीर और एक्सप्रेसवे कर्मचारी घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। आसीवन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। दुर्घटनाग्रस्त कार में फंसे घायलों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। कुछ देर के लिए एक्सप्रेसवे पर यातायात भी प्रभावित रहा।
अधिकारियों ने सीएचसी पहुंचकर लिया जायजा
हादसे की सूचना मिलते ही एसडीएम बांगरमऊ ब्रज मोहन शुक्ला और नायब तहसीलदार वैभव अग्रवाल बांगरमऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। अधिकारियों ने चिकित्सकों और पुलिस कर्मियों से घटना की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। थाना प्रभारी प्रदीप सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कराई। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात व्यवस्था को सामान्य कराया।
कार के चारों एयरबैग भी फट गए
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय कार अत्यधिक तेज रफ्तार में थी। बताया जा रहा है कि कार 110 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की गति से दौड़ रही थी। तेज रफ्तार के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और सड़क किनारे खड़े ट्रक में सीधे जा भिड़ा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। उसके चारो एयरबैग भी फट गए थे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
चार घरों में पसरा मातम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
एक साथ चार युवकों की मौत की खबर मिलते ही प्रयागराज में उनके घरों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने सभी मृतकों के परिजनों को सूचना देकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।




साइन इन