कैबिनेट मंत्री के भाई को ईसीजी के बाद आया हार्ट अटैक, जिला अस्पताल की लाइन में ही गिरे और मौत
यूपी की योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य के भाई की जिला अस्पताल में खून के नमूने देने के दौरान लाइन में खड़े-खड़े ही हाई अटैक आया और वह गिर पड़े। उन्हें तत्काल इमरजेंसी लाया गया, जहां मौत हो गई। कुछ देर पहले ही उनका ईसीजी हुआ था।

यूपी की योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य के भाई की जिला अस्पताल में खून के नमूने देने के दौरान लाइन में खड़े-खड़े ही हाई अटैक आया और वह गिर पड़े। उन्हें तत्काल इमरजेंसी लाया गया, जहां मौत हो गई। कुछ देर पहले ही उनका ईसीजी हुआ था और उसमें हार्ट अटैक की पुष्टि नहीं हुई थी। इसके बाद ब्लड जांच के लिए वह लाइन में लगे थे। इसी दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई।
कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य के भाई बेलनगंज निवासी 61 वर्षीय जूता कारखाना संचालक उमेश कुमार पेट दर्द और बेचैनी की शिकायत पर दोपहर में अकेले ही स्कूटर से जिला अस्पताल पहुंचे थे। उनके परिचित कर्मचारी ने उन्हें डॉ. आशीष मित्तल को दिखाया। डॉक्टर ने अल्ट्रासाउंड कराने की सलाह दी। बेचैनी बढ़ने पर ब्लड प्रेशर की जांच कराई गई। ब्लड प्रेशर 169 आने पर ईसीजी और खून की जांच के लिए भेजा गया।
भूतल के कमरा नंबर 16 में ईसीजी कराया गया। ईसीजी में हार्ट अटैक की पुष्टि नहीं हुई। इसके बाद खून की जांच के लिए पास के कमरा नंबर 3 के बाहर लाइन में लग गए। दोपहर करीब एक बजे अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे गिर पड़े। कर्मचारी उन्हें इमरजेंसी लेकर पहुंचे।
सूचना मिलने पर डॉक्टरों की टीम इमरजेंसी में पहुंची। जिला अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक डॉ. आरके अरोड़ा ने बताया कि सीपीआर दिया गया। दिल की धड़कन नहीं आ रही थी। इसके लिए शॉक भी दिया गया, लेकिन धड़कन वापस नहीं लौटी। हार्ट अटैक से उनकी मौत हो गई। भाजपा विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने उनके आकस्मिक निधन पर शोक व्यक्त किया। मंत्री बेबी रानी मौर्य ने भी यह दुखद सूचना सोशल मीडिया पर दी। इसके बाद शोक व्यक्त करने लोग उनके आवास पर पहुंचे।
बताया जाता है कि हार्ट अटैक के मरीजों के इलाज के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज एक बड़ा सेंटर है। वॉट्सऐप ग्रुप से मेडिकल कॉलेज के हृदय रोग विशेषज्ञ के साथ ही जिला अस्पताल और स्वास्थ्य केंद्रों के डाक्टरों को जोड़ा गया है। मंत्री के भाई की तबीयत बिगड़ने पर इमरजेंसी में ECG की गई। रिपोर्ट वॉट्सऐप ग्रुप पर डाली गई, लेकिन तब तक हार्ट अटैक से मौत हो चुकी थी।




साइन इन