लखनऊ में आज से प्रॉपर्टी खरीदना महंगा हुआ, इन इलाकों 25% तक बढ़े सर्किल रेट
लखनऊ में आज से प्रॉपर्टी खरीदना महंगा हुआ। आंशिक बदलाव के साथ लखनऊ में नए डीएम सर्किल रेट आज से लागू हो जाएंगे। नए रेट के अनुसार, गोमती नगर में सबसे ज्यादा सर्किल रेट बढ़ा।

आंशिक बदलाव के साथ लखनऊ में नए डीएम सर्किल रेट एक अगस्त से लागू हो जाएंगे। शुक्रवार से शहर में जमीन और फ्लैट्स के नए सर्किल रेट लागू हो जाएंगे, जिससे प्रॉपर्टी की खरीद-फरोख्त महंगी हो जाएगी। एडीएम वित्त एवं राजस्व राकेश सिंह के अनुसार, खासतौर पर जानकीपुरम, गोमती नगर, इन्दिरा नगर और महानगर जैसे इलाकों में सर्किल रेट अधिकतम 25 फीसदी की सीमा तक बढ़ाए गए हैं। ग्रामीण इलाकों में 15 फीसदी तक सर्किल रेट में वृद्धि की गई है। अब इन इलाकों में रजिस्ट्री कराना अधिक खर्चीला हो जाएगा। नए रेट के अनुसार, गोमती नगर में सबसे ज्यादा सर्किल रेट बढ़ा। गोमती नगर में सर्किल रेट ₹33,000 से ₹77,000 रुपये प्रति वर्ग मीटर हो गया है। पहले यह 30500 रुपये प्रति वर्गमीटर था। गोमती नगर विस्तार में भी पहले दरें 30500 थीं जो अब क्षेत्र के आधार पर 33000 से 77000 रुपये प्रति वर्ग मीटर हो गई हैं। वहीं, कुछ गांवों के लोगों ने आपत्ति की थी कि मुख्य सड़क के पास दो गांव का सर्किल रेट 68000 प्रति वर्ग मीटर है तो एक का 70000 रुपये। ऐसे में आसपास के गांवों का सर्किल रेट एक जैसा ही कर दिया गया।
दो जुलाई को 10 साल बाद सर्किल रेट प्रस्तावित किए गए थे। साथ ही 17 तारीख तक आपत्तियां मांगी गई थीं। कुल 49 आपत्तियां आईं। सुनवाई के बाद मोहनलालगंज और सरोजनीनगर के कुछ सुदूर गांवों में जमीन के भाव में एकरूपता लाई गई। शेष वही सर्किल रेट रखा गया जो कि प्रस्तावित था।
वर्गीकरण के आधार पर आया बड़ा अंतर
गोमती नगर के विभूतिखंड में स्थित समिट बिल्डिंग के सामने वाले हिस्सों में सर्किल रेट 77000 रुपये हो गया है। यहां बाजार भाव काफी अधिक है इसलिए सर्किल रेट ज्यादा कर दिया गया। वहीं, गोमती नगर के अन्य इलाके जहां बाजार भाव कम है वहां सर्किल रेट 33,000 रुपये ही है। सर्वे में हाईवे, एक्सप्रेस वे, प्रमुख सड़कों और इलाकों का बारीकी से वर्गीकरण किया गया है। साथ ही दो स्लैब रखे गए हैं। ऐसे में पॉश कालोनियों में एलआईजी, ईडब्ल्यूएस वाले मकान खरीदने वालों को दिक्कत नहीं आएगी।
क्यूआर कोड से जानिए कि कैसे कराएंगे रजिस्ट्री, क्या हैं लाभ
जिलाधिकारी की ओर से क्यूआर कोड जारी किया गया है। इसे स्कैन करते ही एक पेज खुलता है जिसमें रजिस्ट्री कराने से लेकर मिलने वाली छूट और सुविधाओं की पूरी जानकारी मिल जाएगी। जैसे महिलाओं को एक करोड़ तक के स्टाम्प पर एक फीसदी यानी अधिकतम एक लाख रुपये तक की छूट दी गई है। साथ ही इसमें भूतपूर्व सैनिकों, दिव्यांगजनों और दुर्बल आय वर्ग वालों को दी जा रही छूट और सुविधाओं की जानकारी है।
परिवार के सदस्यों के लिए सुविधा
दान विलेख जिसमें अचल सम्पत्ति परिवार के सदस्यों जैसे बेटा, बेटी, पिता, माता, पति, पत्नी, पुत्रवधु, सगा भाई या उसके न होने पर उसकी पत्नी, सगी बहन, दामाद, के लिए छूट है। इसमें अधिकतम स्टाम्प शुल्क पांच हजार रुपये रखा गया है।
इन्दिरा डैम से लेकर टोल प्लाजा तक बढ़े सर्किल रेट
जो इलाके शहर से दूर और दूसरे जिले की सीमा से नजदीक हैं, वहां भी प्लॉटिंग शुरू हो गई है। इन्दिरा डैम से लेकर किसान पथ, निगोहां के दखिना टोल प्लाजा के पास तक स्थित गांवों की जमीनों पर भी प्लॉटिंग शुरू हो गई है। इसको देखते हुए नई दरें तय की गईं।गोसाईंगंज के ऐसे गांव जहां सर्किल रेट बेहद कम था वहां मौजूदा बाजार मूल्य का आकलन कर के बढ़ाया गया। जैसे सिद्धपुरा, मगहुआ, बक्कास के पीछे स्थित गांव चौरहिया में प्लॉटिंग हो रही थी। यहां भाव 10 साल पहले का था जब इधर खेत खलिहान थे। नतीजतन सर्किल रेट 200 से 250 रुपये आवासीय का आ रहा था। प्लॉट की बिक्री इन इलाकों में तीन से चार हजार रुपये प्रति वर्ग मीटर हो रही थी। इन इलाकों में सर्किल रेट 2200 से 4000 रुपये किया गया। निगोहां के टोल प्लाजा के पास दयालपुर, नन्दौली, हरिनामखेड़ा, दुलारखेड़ा में सर्किल रेट 2200 से 4000 रुपये प्रस्तावित किए गए। किसानपथ से सटे गांवों जैसे मलूकपुर, चौरासी, कासिपुर में रेट 4000 रुपये तक किए गए। सुलतानपुर रोड स्थित कासिमपुर बिसहा में रेट 7700 से 10000 रुपये प्रति वर्ग मीटर प्रस्तावित किए गए। इसी तरह आउटर रिंग रोड के पास डलहौना में भी 7700 से 10000 रुपये रेट किया गया है। अंसल टाउनशिप के पीछे पहाड़नगर टिकिरिया गांव में बड़े पैमाने पर छोटी टाउनशिप विकसित होने लगी हैं। यहां 7700 से 10000 रुपये सर्किल रेट प्रस्तावित किया गया है। इसी तरह सीजी सिटी के पास 50000 रुपये और मस्तेमऊ गांव में 40 हजार रुपये तक सर्किल रेट किया गया है।
किसान पथ के अगल बगल वाले गांवों की जमीन सोना हुई
किसान पथ - आउटर रिंग रोड के दोनों ओर की जमीनें सोना हो गईं। इन परियोजना के पहले तक यहां की जमीनों को कोई पूछने वाला नहीं था आज किसानों से जमीन लेकर उसे आवासीय कराने की मारमारी है। ऐसे में नगर निगम की सीमा से बाहर इस सड़क के दोनों ओर पड़ने वाले राजस्व गांव और मोहल्लों में सर्किल रेट 15000 रुपये प्रति वर्ग मीटर प्रस्तावित किया गया है। इसी तरह मलिहाबाद वाले हिस्से में 9000 रुपये किया गया है। बीकेटी में भी तेजी से प्लॉटिंग हो रही है। इसे देखते हुए सैदापुर चौराहे से चंद्रिका देवी रोड पर 8200 रुपये सर्किल रेट प्रस्तावित है। वहीं, चंन्द्रिका देवी रोड पर 7000 से 8500 रुपये किया गया है।
प्रमुख इलाकों में सर्किल रेट-
अंसल---- 35000 से 50000
गोमती नगर---- 33000 से 77000
वृंदावन ----28000 से 50000
एमआर---- 35000 से 50000
ओमेक्स मेट्रो सिटी ----20000 से 26000
एल्डिको शौर्य---- 20000 से 26000
कांति निकेतन, हरिहरपुर ----20000 से 26000
एक्सेला रिजार्टिको---- 22000 से 28000
एल्डिको इंटीरिया, जैती मोड़---- 22000 से 28000
अमरावती---- 25000 से 37000
पिंटल---- 25000 से 37000
ओमेगा एन्क्लेव---- 20000 से 30000
विकास विहार कालोनी---- 20000 से 30000
सिग्नेचर पार्क---- 20000 से 30000
पार्थ रिपब्लिक---- 20000 से 23000
अनंत नगर योजना---- 15000 से 18000
शंतुष्टि एन्क्लेव ----7000 से 10000
शालिमार वन वर्ल्ड---- 50000
ओरो सिटी मड़ियांव---- 20500 से 28000
रोहित हाइट्स---- 20500 से 28000
सहारा एस्टेट---- 20500 से 28000
सहारा ग्रेस---- 20500 से 28000
जानकीपुरम योजना---- 35500 से 54000
बसंतकुंज योजना---- 20000 से 35500
इन्दिरा नगर---- 35000 से 62000
महानगर ----41000 से 65000




साइन इन