यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर तैयारी शुरू, केंद्रों पर निरीक्षण
Bulandsehar News - उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं। आठ, नौ और दस जून को आयोजित होने वाली परीक्षा में 24,480 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा के लिए 20 केंद्र बनाए गए हैं और बायोमैट्रिक सत्यापन किया जाएगा। परीक्षा की निगरानी के लिए हाई रिजॉल्यूशन सीसी कैमरे लगाए जाएंगे।

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा जिले में कराई जाने वाली यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर जिले में तैयारियां शुरू हो गई हैं। आठ, नौ और दस जून को आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा में जिले के 24,480 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा के लिए 20 केंद्र बनाए गए हैं। नकलविहीन व पारदर्शी परीक्षा के लिए पहले परीक्षार्थियों की बायोमैट्रिक होगी और इसके बाद उन्हें केंद्रों में प्रवेश दिया जाएगा। डीआईओएस विनय कुमार ने बताया कि 32,679 पदों पर होने वाली यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा आठ, नौ और 10 जून को होगी। परीक्षा के प्रतिदिन दो पालियों में 8,160 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक संचालित होगी। अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से पहले केंद्रों पर पहुंचना होगा ताकि जांच और सत्यापन की प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके। पुलिस भर्ती परीक्षा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए तैयारी तेज कर दी गई है। प्रत्येक केंद्र पर केंद्र व्यवस्थापक के साथ स्टेटिक मजिस्ट्रेट और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती हो गई है। प्रश्नपत्रों को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया जाएगा। परीक्षा की निगरानी व्यवस्था को और मजबूत बनाया गया है। सभी परीक्षा केंद्रों पर हाई रिजॉल्यूशन सीसी कैमरे लगाए जा रहे हैं। इन कैमरों को जिला मुख्यालय स्थित कंट्रोल रूम के साथ-साथ पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड से भी लाइव जोड़ा जाएगा। परीक्षा कक्ष, प्रवेश द्वार और परिसर की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाएगी। फर्जीवाड़े और नकल पर रोक लगाने के लिए अभ्यर्थियों का बायोमैट्रिक सत्यापन और फेस मिलान कराया जाएगा। परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस समेत सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने बताया कि केंद्रों पर संबंधित केंद्रों पर निरीक्षण कर तैयारियों को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन