तापमान @ 43 डिग्री, आसमान से बरसी आग, प्रचंड लू से जनजीवन बेहाल
Bulandsehar News - तापमान @ 43 डिग्री, आसमान से बरसी आग, प्रचंड लू से जनजीवन बेहाल

ज़िले में नौतपा से पहले ही आसमान से आग बरसने लगी है। भीषण गर्मी और जानलेवा लू के थपेड़ों ने आम जन का जीना मुहाल कर दिया है। बुधवार को सूरज के तल्ख तेवर और गर्म हवाओं से लोग दिनभर हलाकान रहे। सुबह की शुरुआत के साथ ही लोग पसीने से तर-बतर होने लगे और दोपहर होते-होते हालात सन्नाटा जैसे हो गए। पारा सामान्य से कई डिग्री ऊपर पहुंच जाने के कारण मई के महीने में ही जून की तपिश का अहसास हो रहा है। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो फिलहाल राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है। अधिकतम तापमान 43 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। बुधवार को दोपहर होते ही सूरज के तेवर इतने तीखे हो गए कि शहर के प्रमुख बाजारों अंसारी रोड, चौक बाजार और चौराहों पर सन्नाटा पसर गया। जरूरी काम से निकले राहगीर और दोपहिया वाहन सवार छांव तलाशते दिखे। गर्मी से बचने के लिए गन्ने का रस, लस्सी और शिकंजी की दुकानों पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी। झुलसाने वाली धूप से बचने के लिए लोग सिर पर गमछा, चेहरे पर स्कार्फ और हाथों में छाता थामे नजर आए। सबसे बुरा हाल राहगीरों और बाइक सवारों का रहा, जिन्हें लू के थपेड़ों ने बेहाल किया। लगातार बढ़ रहे पारे के सामने अब घरों और दफ्तरों में लगे कूलर और एसी भी हांफने लगे हैं। गर्म हवाओं के कारण कमरों का तापमान कम नहीं हो रहा है, जिससे लोगों की रातों की नींद और दिन का चैन छिन गया है。
डिबाई में भी लू के थपेड़ों ने जीना किया मुहाल
डिबाई, संवाददाता। भीषण गर्मी और तेज लू ने बुधवार को जनजीवन पूरी तरह प्रभावित कर दिया। सुबह से ही तेज धूप ने लोगों को बेहाल कर दिया, वहीं दोपहर होते-होते गर्म हवाओं के थपेड़ों ने लोगों का घरों से निकलना मुश्किल कर दिया। तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। दोपहर के समय बाजारों और सड़कों पर सन्नाटा दिखाई दिया। जरूरी काम से बाहर निकलने वाले लोग सिर और चेहरे को कपड़े से ढककर चलते नजर आए। गर्मी के चलते ठंडे पेय पदार्थ, शिकंजी, जूस और आइसक्रीम की दुकानों पर भीड़ रही। वहीं बिजली की आंखमिचौली ने लोगों की परेशानियां और बढ़ा दीं। चिकित्सकों ने लोगों को तेज धूप और लू से बचने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक बेहद जरूरी होने पर ही बाहर निकलें तथा अधिक से अधिक पानी और तरल पदार्थों का सेवन करें।
मौसम विशेषज्ञों की सलाह
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले कुछ दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन