Brutal crime in Sambhal similar to the Muskan case in Meerut wife along with her lover, chopped her husband into pieces संभल में मेरठ की मुस्कान जैसी दरिंदगी; पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर पति के किए टुकड़े, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

संभल में मेरठ की मुस्कान जैसी दरिंदगी; पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर पति के किए टुकड़े

मेरठ के सौरभ हत्याकांड यानी मुस्कान जैसी दरिंदगी अब यूपी के संभल में हुई है। यहां भी पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति को मौत के घाट उतारने के बाद उसके शव के टुकड़े कर दिए। इन टुकड़ों को पॉलीथिन में भरकर अलग अलग जगहों पर फेंका गया।

Mon, 22 Dec 2025 06:36 AMYogesh Yadav लाइव हिन्दुस्तान, चन्दौसी (संभल)
share
संभल में मेरठ की मुस्कान जैसी दरिंदगी; पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर पति के किए टुकड़े

उत्तर प्रदेश के मेरठ में हुए सनसनीखेज 'मुस्कान कांड' की यादें अभी धुंधली भी नहीं हुई थीं कि संभल के चन्दौसी में वैसी ही रोंगटे खड़े कर देने वाली नृशंसता सामने आई है। यहां भी पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर न केवल अपने पति की हत्या की, बल्कि शव को कसाई की तरह काटकर टुकड़ों में बांट दिया। इन टुकड़ों को पॉलीथिन में भरकर अलग-अलग जगहों पर फेंका गया। पुलिस ने मारे गए युवक की पत्नी रूबी और उसके प्रेमी गौरव को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात की जानकारी से इलाके में सनसनी है।

सोमवार को पतरोआ रोड स्थित ईदगाह के बाहर एक युवक के शव के टुकड़े पॉलीथिन में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया था। हत्यारों ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए सिर, हाथ और पैर काटकर अलग कर दिए थे। पॉलीथिन में लिपटे मांस के लोथड़े और शरीर के कुछ हिस्सों को लेकर ही पुलिस ने जांच शुरू की थी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:लव मैरिज करने वाले पति-पत्नी की बाथरूम में मिली लाश, गैस गीजर से मौत की आशंका

हाथ पर लिखे नाम और 'फेक' गुमशुदगी ने खोला राज

सिर गायब होने से शुरुआत में शव की शिनाख्त करना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती थी। लेकिन कटे हुए हाथ पर लिखे नाम ने पुलिस को अहम सुराग दिया। जांच में पता चला कि मोहल्ला चुन्नी निवासी राहुल की पत्नी रूबी ने 18 नवंबर को खुद कोतवाली पहुंचकर पति की गुमशुदगी दर्ज कराई थी।

पुलिस को शक तब हुआ जब रूबी के बयानों में विरोधाभास मिला। कड़ाई से पूछताछ और सर्विलांस की मदद से जब कड़ियाँ जोड़ी गईं तो पता चला कि यह 'मुस्कान कांड' की तर्ज पर रची गई एक खूनी साजिश थी। शनिवार को कपड़ों के आधार पर परिजनों ने राहुल की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने रूबी और उसके प्रेमी गौरव को दबोच लिया।

मेरठ कांड की तरह ही अंगों को ठिकाने लगाने की साजिश

मेरठ के सौरभ हत्याकांड में जिस तरह मुस्कान ने प्रेमी साहिल के साथ मिलकर शव के टुकड़े किए थे, उसी तरह यहां रूबी और गौरव ने भी राहुल के शरीर के टुकड़े किए और अलग-अलग पॉलीथिन में भरा। पुलिस की फोरेंसिक टीम ने युवक के घर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। अंदेशा है कि हत्या घर के भीतर ही की गई और फिर शव को काटकर बैग में भरकर फेंक दिया गया।

कटे हुए कई अंग अब भी लापता, जांच जारी

पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती अब राहुल के गायब अंगों (सिर और अन्य हिस्सों) को बरामद करना है। पुलिस आरोपियों की निशानदेही पर संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियारों की बरामदगी और साजिश की पूरी परतें खोलने के लिए दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है।

इस घटना ने एक बार फिर लोगों को झकझोर कर रख दिया है। अवैध संबंधों की खातिर एक पत्नी ने 'मेरठ की मुस्कान' की तरह ही खूनी खेल खेलकर अपने ही सुहाग को मौत के घाट उतार दिया।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result, UP Board 10th Result, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।