बीवी की बेवफाई से आहत पति ने 4 बच्चों संग यमुना में लगाई थी छलांग, 48 घंटे बाद बाप-बेटी का मिला शव
शामली में पत्नी के प्रेमी संग फरार होने पर चार बच्चों के साथ यमुना में छलांग लगाने वाले पति का शव 48 घंटे बाद मिला है। बागपत जिले के टांडा के पास बाप-बेटी बरामद हुआ। इसके अलावा बड़ी बेटी का शव भी मिला। हालांकि, अभी दो बेटियों और एक बेटे की तलाश जारी है।

यूपी के शामली में पत्नी के प्रेमी संग फरार होने पर चार बच्चों के साथ यमुना में छलांग लगाने वाले सलमान का शव 48 घंटे बाद बागपत जिले के टांडा के निकट से बरामद हुआ। इसके अलावा बड़ी बेटी का शव भी मिला। हालांकि, अभी दो बेटियों और एक बेटे की तलाश में प्राइवेट गोताखोर एवं फ्लड पीएसी के जवान जुटे हुए हैं।
सलमान निवासी मोहल्ला अफगानान हाल निवासी मोहल्ला खैलकलां का गुरुवार को अपनी पत्नी खुशनुमा से विवाद हुआ था। इसके बाद पत्नी अपने कथित प्रेमी साबिर निवासी गांव जौला थाना बुढ़ाना जनपद मुजफ्फरनगर के साथ चली गई थी। पत्नी की बेवफाई से दुखी सलमान ने शुक्रवार को बेटी महक (11 वर्ष), शिफा (5 वर्ष), अयान (3 वर्ष) व आठ माह की बेटी इनायशा के साथ हरियाणा की ओर जाने वाले यमुना पुल के पार हरियाणा में पहुंच गया था, जहां उसने खुद और बच्चों को एक दुकान से समोसे खिलाए थे। इसके बाद सलमान ने पत्नी, उसके प्रेमी को अपनी और बच्चों की मौत का दोषी बताते हुए तीन वीडियो बनाए और अपनी बहन गुलिस्ता को भेज दिए थे।
वीडियो भेजने के बाद सलमान ने अपने चारों बच्चों के साथ यमुना नदी में छलांग लगा दी थी। शनिवार को जानकारी होने के बाद परिजन यमुना पुल पर पहुंचे और ढाबे पर लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की थी। फुटेज में सलमान और उसके चार बच्चे यमुना पुल की ओर जाते दिखाई दिए। इसके अलावा पुल के नीचे झोपड़ी में रहने वाले बाबा शिवगिरी और वहां घूम रहे एक बालक ने भी सलमान व चारों बच्चों के यमुना में कूदने की जानकारी दी थी।
इस सूचना के आधार पर शनिवार को पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने प्राइवेट गोताखोरों एवं पीएसी की फ्लड यूनिट को यमुना नदी में सर्च अभियान शुरू कराया था। रविवार सुबह सात बजे से सर्च अभियान फिर शुरू हुआ। प्राइवेट गोताखोर साजिद, मुस्तकीम उर्फ बिल्लू व दिलशाद ने मोटरबोट के साथ तलाश की।
सुबह करीब 11 बजे गोताखोरों ने कैराना से करीब दस किलोमीटर की दूरी पर कांधला थाना क्षेत्र के गांव इस्सोपुर टील के पास से सलमान की 11 वर्षीय बेटी महक का शव बरामद किया। इसके बाद अन्यों की तलाश में गोताखोर बागपत जिले की सीमा तक पहुंचे। जहां टांडा के निकट से दोपहर करीब एक बजे सलमान का शव भी निकाल लिया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। वहीं, शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।




साइन इन