Bodies of three innocent sisters who mysteriously disappeared found in a well; panic in village; police investigating रहस्यमय ढंग से गायब हुईं 3 तीन मासूम सगी बहनों के शव कुएं में मिले, गांव में हड़कंप; जांच में लगी पुलिस, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

रहस्यमय ढंग से गायब हुईं 3 तीन मासूम सगी बहनों के शव कुएं में मिले, गांव में हड़कंप; जांच में लगी पुलिस

यूपी के महोबा में रहस्यमय ढंग से गायब हुईं 3 तीन मासूम सगी बहनों के शव कुएं में मिले हैं। शव मिलने से गांव में हड़कंप मच गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।

Tue, 11 Nov 2025 07:55 PMDeep Pandey लाइव हिन्दुस्तान
share
रहस्यमय ढंग से गायब हुईं 3 तीन मासूम सगी बहनों के शव कुएं में मिले, गांव में हड़कंप; जांच में लगी पुलिस

यूपी के महोबा में रहस्यमय ढंग से गायब हुई मवेशियों को चराने गई तीन बहनों के शव सोमवार देर रात कुएं में उतराते मिले। एक साथ तीन मासूम बहनों के शव मिलने पर गांव में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि आठ, सात और छह साल की मासूम बच्चियों के साथ 13 वर्षीय बहन भी उनके साथ गई थी, पर वह सोमवार दोपहर को ही लौट आई। गांव में हर तरफ एक ही चर्चा कि कहीं ये किसी की सोची समझी साजिश तो नहीं।

अजनर थाना क्षेत्र के आरी गांव निवासी रामलाल अहिरवार ने बताया कि उसकी पांच बेटियां और दो बेटे हैं। सोमवार को 13 वर्षीय बेटी रेखा के साथ 8 वर्षीय रुचि, 7 वर्षीय दीक्षा और 6 वर्षीय पुष्पा मवेशी चराने गईं थीं। दोपहर बाद रेखा वापस आ गई। रेखा ने बताया गांव के बाहर एकाएक तीनों बहनें खेतों की ओर चली गईं उसने सोचा कि तीनों घर आ गई हैं। जब तीनों घर में नहीं मिली तो परिजनों को जानकारी दी गई। परिजनों ने देर शाम तक खेतों और गांव में खोजबीन की मगर कोई सुराग न लग सका। बाद में परिजनों ने डायल 112 में सूचना दी।

थाना प्रभारी अजनर सतपाल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और गांव में खोजबीन की। तालाब और खेतों में खोजबीन के बाद थाना प्रभारी ने घंसू अहिरवार के कुएं में कांटा डाला तो एक शव फंस गया। इसके बाद कुएं से एक-एक कर तीनों शवों को निकाला गया। तीन शव मिलने पर हड़कंप मच गया।

सर्विलांस टीम को भी लगाया गया

सूचना पर पुलिस अधीक्षक प्रबल प्रताप सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह ने मौके पर पहुंचकर घटना की गहनता से जांच करते हुए पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी होगी। पुलिस पूरे मामले में गहनता से जांच कर रही है। सर्विलांस टीम को भी लगाया गया है। फोरेंसिक टीम और फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट को भी बुलाया गया है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।