BJP leader entered the electricity office and beat the superintendent engineer with shoes, video is going viral अधीक्षण अभियंता को जूतों से पीटा, बिजली दफ्तर में BJP नेता ने किया हमला, VIDEO वायरल, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

अधीक्षण अभियंता को जूतों से पीटा, बिजली दफ्तर में BJP नेता ने किया हमला, VIDEO वायरल

बलिया में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां बिजली खराब होने की समस्या लेकर अधीक्षण अभियंता से मिलने पहुंचे भाजपा नेता ने आपा खो दिया। दफ्तर के अंदर ही अधीक्षण अभियंता की जूते से पिटाई शुरू कर दी। अधीक्षण अभियंता की तहरीर पर पुलिस ने भाजपा नेता के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

Sat, 23 Aug 2025 09:57 PMYogesh Yadav लाइव हिन्दुस्तान
share
अधीक्षण अभियंता को जूतों से पीटा, बिजली दफ्तर में BJP नेता ने किया हमला, VIDEO वायरल

बलिया में शनिवार को बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां बिजली विभाग के दफ्तर में घुसकर एक भाजपा नेता ने अधीक्षण अभियंता (एसई) लाल जी सिंह की जूते से पिटाई कर दी। अचानक हुए हमले से अधीक्षण अभियंता सकते में रह गए। दफ्तर में अफरातफरी मच गई। भाजपा नेता के साथ आए लोगों और बिजली विभाग के कर्मचारियों ने किसी तरह बीच-बचाव किया। अधीक्षण अभियंता की तहरीर पर पुलिस ने भाजपा नेता मुन्ना बहादुर सिंह के खिलाफ नामजद और अन्य के खिलाफ अज्ञात में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मुन्ना बहादुर सिंह भाजपा के मंडल महामंत्री रहे हैं। वह पार्टी के समर्थन से जिला पंचायत सदस्य का चुनाव भी लड़ चुके हैं। पूरी घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

घटना शहर के सिविल लाइन में स्थित कार्यालय में हुई। अधीक्षण अभियंता लाल सिंह अपने कार्यालय में बैठे थे। इसी बीच कुछ लोग पहुंचे और बिजली की समस्या को लेकर बातचीत होने लगी। तेज आवाज में बातचीत के दौरान ही अधीक्षण अभियंता से धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इसी बीच, भाजपा नेता ने अपना सफेद रंग का जूता उतारा और अधीक्षण अभियंता के सिर पर मारना शुरू कर दिया। इससे कार्यालय में अफरातफरी मच गयी। मौजूद कर्मचारियों ने बीच-बचाव किया। भाजपा नेता के साथ आए लोगों ने भी उनको मुन्ना भैया, मुन्ना भैया कहकर रोकने की कोशिश की और किसी तरह अधीक्षण अभियंता को उनके गुस्से से बचाया।

मामले की जानकारी तत्काल जिले के अधिकारियों को दी गई। अधीक्षण अभियंता की इस तरह कार्यालय में घुसकर जूता से पिटाई की सूचना मिलते ही खलबली मच गई। नगर कोतवाली पहुंचे अधीक्षण अभियंता ने एक नामजद और 20-25 अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और जांच कर रही है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को पुलिस ने भी संज्ञान में लिया है।

क्या बोले अधीक्षण अभियंता

अधीक्षण अभियंता के अनुसार वह अपने कार्यालय में बैठे थे। तभी 20-25 लोग पहुंचे। इनमें से सागरपाली निवासी मुन्ना बहादुर सिंह ने बिना कोई समस्या बताए गाली-गलौज करते हुए जूते से हमला कर दिया। सरकारी कागजातों को नुकसान पहुंचाया और वहां रखे कई सामान तोड़ दिए।

उधर, मुन्ना बहादुर सिंह का आरोप है कि कई दिनों से बिजली आपूर्ति की समस्या थी। इस सम्बंध में 10-12 लोग पत्रक देने गये थे। इस दौरान एसई ने गाली-गलौज करने के साथ ही कर्मचारियों के साथ मिलकर हमला कर दिया। इस बारे में एएसपी (दक्षिणी) कृपाशंकर ने बताया कि एसई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करने के साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम लगा दी गई है।

घटना के समय बंद था कार्यालय का सीसीटीवी

सरकारी और गैर सरकारी कार्यालयों में सीसीटीवी लगाने का उद्देश्य सुरक्षा है। सिविल लाइन स्थित बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता कार्यालय में शनिवार को हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि ‘हिन्दुस्तान’ उक्त वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। इस वीडियो में एसई और आरोपियों के बीच कहासुनी और फिर मारपीट नजर आ रही है। वैसे एसई आफिस में सीसीटीवी भी लगा है लेकिन घटना उसमें कैद नहीं हो सकी है। अधीक्षण अभियंता लाल सिंह का कहना है कि सीसीटीवी कुछ दिनों से खराब है। ऐसे में पुलिस को इसकी निष्पक्ष जांच करने में दिक्कत हो सकती है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।