निर्देश : गंगा समेत अन्य नदियों की स्वच्छता बनाए रखें : डीएम
Bijnor News - बिजनौर के डीएम जसजीत कौर ने गंगा सहित अन्य नदियों की स्वच्छता के लिए ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने अपशिष्ट प्रवाह रोकने और घाटों की सफाई के लिए जनजागरूकता अभियान चलाने की बात की। साथ ही, पौधरोपण अभियान की तैयारी और बायो मेडिकल वेस्ट के निस्तारण में बारकोड व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

बिजनौर। डीएम जसजीत कौर ने जनपद में गंगा सहित अन्य नदियों की स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नदियों में गंदे पानी एवं अपशिष्ट के प्रवाह को रोकने के लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर आवश्यक कदम उठाएं। साथ ही घाटों की नियमित सफाई एवं जनजागरूकता अभियान संचालित करने के भी निर्देश दिए। कलक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को डीएम की अध्यक्षता में जिला गंगा समिति, जिला पर्यावरण समिति एवं जिला वृक्षारोपण समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पर्यावरण समिति की समीक्षा के दौरान डीएम ने वायु प्रदूषण मानकों का पालन न करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने, जुर्माना लगाने तथा चालानों में वृद्धि करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बायो मेडिकल वेस्ट के निस्तारण की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अस्पतालों में शत-प्रतिशत बारकोड व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा बारकोड के आधार पर ही बायो मेडिकल वेस्ट का निस्तारण कराया जाए।डीएम ने आगामी पौधरोपण अभियान को लेकर सभी विभागों से शीघ्र चिन्हित स्थलों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विभाग अपने क्षेत्राधिकार में उपलब्ध भूमि एवं उपयुक्त स्थलों का चयन कर सूची तैयार करे, ताकि निर्धारित लक्ष्य के अनुसार व्यापक वृक्षारोपण अभियान संचालित किया जा सके। साथ ही लगाए जाने वाले पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखरेख की व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। बैठक में डीएफओ जय सिंह कुशवाहा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन