रंग डालने की बात पर हुआ था विवाद, कोर्ट के आदेश पर 55 दिन बाद हुआ मुकदमा
Basti News - बस्ती में होली के दिन रंग डालने को लेकर विवाद के मामले में पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इन्द्रावती देवी ने आरोप लगाया कि विपक्षियों ने उनके घर में घुसकर मारपीट की और जातिसूचक अपशब्द कहे। मामले की जांच सीओ हर्रैया स्वर्णिमा सिंह कर रही हैं।

बस्ती, निज संवाददाता। गौर पुलिस ने होली के दिन रंग डालने को लेकर हुए विवाद में कोर्ट के आदेश पर आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इसी थानाक्षेत्र के अजगयवा जंगल टोला नोनहा निवासी इन्द्रावती देवी पत्नी रामचंदर ने शिकायती-पत्र देकर आरोप लगाया है कि गत चार मार्च को होली के दिन रंग डालने को लेकर विवाद हुआ था। इसी बात को लेकर विपक्षियों ने छह मार्च 2026 को एकराय होकर उनके घर लाठी-डंडा, सरिया लेकर पहुंच गए। उन्हें जातिसूचक व अपशब्द कहते हुए अपमानित किया। मना करने पर मारपीट की। डरवश वे अपने घर में घुस गईं तो घर के अंदर घुसकर मारापीटा।
साथ ही घर के अंदर रखा सारा सामान भी तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया। यह देख बीच-बचाव करने आए उनके पति को मारापीटा और बेटे अर्पित को धक्का दे दिया। साथ ही जाते समय जान से मारने की धमकी दी गई। थानाध्यक्ष गौर अतुल कुमार अनजान ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर आरोपित मोनू, संजय, संदीप, महेश, रेनू, संजू, रामउजागिर और सुदामा निवासी केवटिया थाना गौर के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मुकदमे की जांच सीओ हर्रैया स्वर्णिमा सिंह के स्तर से की जा रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन