Devotion and Festivity Mark Big Tuesday in Balrampur Hanuman Worship Thrives हे जग बंदन मारुति नंदन, सुन लो मेरी पुकार पवन सुत विनती बारंबार, Balrampur Hindi News - Hindustan
More

हे जग बंदन मारुति नंदन, सुन लो मेरी पुकार पवन सुत विनती बारंबार

Balrampur News - बलरामपुर में ज्येष्ठ माह के छठे बड़े मंगल के अवसर पर श्रद्धालुओं का अद्भुत उत्साह देखा गया। मंदिरों में भक्तों ने पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की। विभिन्न आयोजनों में प्रसाद वितरण और भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ, जिससे पूरे जिले में धार्मिक वातावरण बना रहा।

Tue, 9 June 2026 04:55 PMNewswrap हिन्दुस्तान, बलरामपुर
share
हे जग बंदन मारुति नंदन, सुन लो मेरी पुकार पवन सुत विनती बारंबार

बलरामपुर, संवाददाता। ज्येष्ठ माह के छठे बड़े मंगल पर मंगलवार को पूरे जिले में आस्था और श्रद्धा का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। मारुति नंदन भगवान हनुमान की पूजा-अर्चना के लिए सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। जिले के प्रमुख हनुमान मंदिरों में भक्तों ने दर्शन-पूजन कर सुख-समृद्धि और मंगल कामना की। बड़े मंगल को हनुमान भक्ति का विशेष पर्व माना जाता है और ज्येष्ठ माह के मंगलवारों का धार्मिक महत्व अत्यंत अधिक बताया गया है।नगर के रानी तालाब हनुमान मंदिर, झारखंडी मंदिर, वीर विनय चौराहा स्थित हनुमागढ़ी मंदिर व तुलसीपुर स्थित हनुमानगढ़ी मंदिर में तड़के से ही श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो गया था।

मंदिरों में हनुमान चालीसा, सुंदरकांड और बजरंगबाण के पाठ के साथ विशेष पूजा-अर्चना संपन्न हुई। भक्तों ने सिंदूर, चोला, नारियल, लड्डू और पुष्प अर्पित कर बजरंगबली का आशीर्वाद प्राप्त किया। बड़े मंगल के अवसर पर जिले के विभिन्न कस्बों और गांवों में सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों की ओर से भंडारों का आयोजन किया गया। राहगीरों, श्रद्धालुओं और जरूरतमंदों को प्रसाद वितरण किया गया। कई स्थानों पर शरबत, ठंडा पानी और फल वितरण की व्यवस्था भी रही। दिनभर मंदिर परिसरों में भजन-कीर्तन और जय श्रीराम के उद्घोष गूंजते रहे। शाम के समय विशेष आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। धार्मिक आयोजनों के चलते पूरे जिले में उत्सव जैसा माहौल बना रहा। लोगों ने सेवा, श्रद्धा व भक्ति भाव से बड़े मंगल का पर्व धूमधाम से मनाया।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।