babu of aligarh fell in love with pakistani woman crossed the border to meet her पाकिस्तानी महिला के प्यार में पड़ा अलीगढ़ का बाबू, मिलने के लिए कर ली सरहद पार, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

पाकिस्तानी महिला के प्यार में पड़ा अलीगढ़ का बाबू, मिलने के लिए कर ली सरहद पार

  • बादल अलीगढ़ का रहने वाला है। उसके पास न पाकिस्तानी वीजा था, न ही कोई और सरकारी दस्तावेज। अब वह पाकिस्‍तान के चंगुल में है। हालांकि अलीगढ़ के पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों ने इस घटना की जानकारी होने से इनकार किया है लेकिन सोशल मीडिया पर खबर तेजी से वायरल हो रही है।

Wed, 1 Jan 2025 06:19 AMAjay Singh हिन्दुस्तान, वरिष्‍ठ संवाददाता, अलीगढ़
share
पाकिस्तानी महिला के प्यार में पड़ा अलीगढ़ का बाबू, मिलने के लिए कर ली सरहद पार

Crossed the border in love with Pakistani woman: पाकिस्तानी महिला के प्यार में अलीगढ़ के बादल बाबू ने सरहद पार करके पाकिस्तान में एंट्री कर डाली। हैरत की बात है कि बादल के पास न पाकिस्तान में रहने का वीजा था और न ही कोई अन्य सरकारी दस्तावेज। पड़ोसी देश के पंजाब प्रांत की पुलिस ने उसे गिरफ्तार करते हुए जेल भेज दिया। हालांकि इस घटना की जानकारी होने से अलीगढ़ के पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों ने इनकार किया है लेकिन सोशल मीडिया पर खबर तेजी से वायरल हो रही है।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रही खबर के अनुसार मामला पाकिस्तान के सूबे पंजाब का है। जहां पंजाब पुलिस ने जिला बाहादुन से एक भारतीय नागरिक को गिरफ्तार किया है, जो पाक महिला के प्यार में पाकिस्तान पहुंचा था। बीती 27 दिसंबर को इस भारतीय नागरिक की गिरफ्तारी हुई है। पंजाब पुलिस के मुताबिक पकड़े जाने वाला शख्स का नाम बादल बाबू पुत्र कृपाल सिंह है और वह उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ का रहने वाला है। सब-इंस्पेक्टर गुलाम रजा की शिकायत के आधार पर विदेशी अधिनियम 1946 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

बादल को को गिरफ्तारी के एक दिन बाद अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। 10 जनवरी 2025 को फिर से अदालत में पेश करने का निर्देश दिया गया है। बादल के भाई ने बताया कि बादल बाबू दिल्ली में कपड़ों की सिलाई करने का काम करता था। दीपावली से पहले दिल्ली की कहकर गया था। वह वापस नहीं आया। उसने कुछ दिन पहले वीडियो कॉल के जरिए घर वालों से बात की थी। आज हमको बादल के पाकिस्तान चले जाने की सूचना मिली।

पाकिस्तानी महिला के साथ प्रेम संबंध

शुरुआती पूछताछ के दौरान बादल ने एक पाकिस्तानी महिला के साथ प्रेम संबंध होने की बात स्वीकार की है। वह फेसबुक पर महिला से जुड़ा था, जिसके बाद उसके साथ संबंध बन गए और वह सीमा पार करके पाकिस्तान आया। पहले भी दो बार सीमा पार करने की कोशिश की थी, लेकिन वह असफल रहा। अपनी तीसरे कोशिश में वह कामयाब हुआ और पाकिस्तान में दाखिल हो गया। जिसके बाद वह मंडी बहाउद्दीन में महिला से भी मिला।

परिजन बोले, सरकार से लगाएंगे गुहार

पाकिस्तान में गिरफ्तार बादल बाबू अलीगढ़ में थाना बरला क्षेत्र के नगला खिटकारी का रहने वाला है। परिजनों के अनुसार 20 वर्षीय बादल उर्फ बाबू दिल्ली में कपड़े की दुकान पर नौकरी करता है। अगर वह किसी तरीके से पाकिस्तान पहुंच गया है। तो हम उसको कैसे हिंदुस्तान ला पाएंगे। हमारे हिंदुस्तान सरकार से गुहार है कि हमारे बेटी की नादानी को नजर अंदाज हमसे मिलकर हमारे ऊपर एहसान करें।

क्‍या बोली पुलिस

अलीगढ़ के एसएसपी संजीव सुमन ने कहा कि अलीगढ़ के युवक की पाकिस्तान में गिरफ्तारी होने की कोई सूचना नहीं मिली है। इस संबंध में दूतावास या आला अधिकारियों के स्तर से भी कोई जानकारी नहीं मांगी गई है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result 2026 Live, UP Board 10th Result 2026 Live, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।